कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ा गए स्वतंत्रदेव
-अयोध्या से लौटते वक्त कोटवा सड़क बूथ अध्यक्ष के घर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष -लोगों से मिलकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानी
बाराबंकी : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह रविवार को अयोध्या से लौटते वक्त कोटवा सड़क बूथ के अध्यक्ष संतोष रावत के घर पहुंचे और चाय पीकर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। इसके बाद लोगों से मुलाकात कर हाल जाना और उनसे केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत की जानकारी की। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से 24 मार्च से 31 जुलाई के मध्य चलाए जाने वाले बूथ सत्यापन अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी। रिमझिम बारिश के बीच पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष को अपने बीच पाकर कार्यकर्ता उत्साहित हो गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यहां परशुराम रावत व घिर्राउ आदि से क्षेत्रीय विधायक व सांसद के प्रति जनहित के कार्यों में रुचि से संबंधित प्रश्न भी किए। परशुराम ने दोनों की तारीफ की। भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी, जिलामंत्री रेखा रावत आदि मौजूद रहे।