विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाराबंकी में गैस एजेंसियों की मनमानी से हालत बेकाबू, सुरक्षा कर्मियों से भी मारपीट

Published: Mon, 16 Mar 2026 11:07 AM (GMT+05:30)

बाराबंकी में रसोई गैस वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की आशंका है, जिसके बाद पुलिस रिपोर्ट के आधार पर मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण टीम, बाराबंकी। रसाेई गैस के वितरण में गड़बड़ी की आशंका पर दो दर्जन से अधिक वितरकों की सूची पुलिस प्रशासन ने पूर्ति विभाग को सौंपी है। अनिमितताओं की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए सजगता बरतने की अपेक्षा की गई है। यहां सर्वाधिक इंडेन गैस कंपनी की एजेंसियां संचालित हैं। यह भी कहा गया है कि आयल कंपनियों के प्रतिनिधि वितरण की समुचित मानीटरिंग नहीं कर रहे हैं। तहसीलवार जांच के लिए अधिकारियों की टीम बना दी गई है।

60 एजेंसियों पर लगभग पौने छह लाख से अधिक कनेक्शन हैं। इसमें इंडेन की लगभग 27 एजेंसियां संचालित हैं। पुलिस ने एक गोपनीय रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी हैं, जिसमें कुछ एजेंसियों की जांच की जा रही है। 12 एजेंसियों पर गड़बड़ी की आशंका है। इन पर कभी भी विधिक कार्रवाई हो सकती है।

देवा, सिद्धौर, मौथरी, लाही, सिरौलीगौसपुर, टिकैतगंज, बेलहरा, रामसनेहीघाट में संचालित एजेंसियों में गड़बड़ी की आशंका पर पुलिस रिपोर्ट दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी डा. राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि एजेंसियों की जांच चल रही है, जल्द ही जिले में बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पांच माह से एक भी बुकिंग नहीं

रामनगर के बिलखिया स्थित सावित्री गैस एजेंसी पर लगभग पांच महीने से एक भी गैस बुकिंग नहीं हुई। संचालक इच्छुक मौर्या ने बताया कि करीब ढाई माह से कोई भी लोड नहीं आया और बुकिंग भी नहीं की गई है। लोड मंगाने के लिए पैसा ट्रांसफर किया गया है। एक-दो दिनों में लोड आते ही वितरण किया जाएगा।

गैस एजेंसियों की जांच

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने घरेलू गैस सिलिंडरों के दुरुपयोग को लेकर रविवार को प्रत्येक एजेंसियों की जांच कराने का आदेश दे दिया है। यह जांच करेंगे। नवाबगंज में एसडीएम आनंद तिवारी, सीओ संगम कुमार, पूर्ति निरीक्षक रहेंगे। इसी तरह से फतेहपुर, रामनगर, सिरौलीगौसपुर, रामसनेहीघाट, हैदरगढ़ में एसडीएम, सीओ, पूर्ति निरीक्षक जांच करेंगे।

गैस एजेंसी पर नोकझोंक और हाथापाई

दरियाबाद: रविवार की दोपहर होमगार्ड हरीश ने लाइन में लोगों को खड़ा कराना शुरू किया। कस्बे का एक युवक उनसे भिड़ गया। नोकझोंक के बाद सुरक्षाकर्मी से मारपीट की गई। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कार्रवाई की जाएगी।

डिलीवरी का मैसेज आया, नहीं मिला सिलिंडर

इंडेन गैस एजेंसी पर हर दिन कतार में लोग दिख रहे हैं। पूरे दिन इंतजार के बाद निराशा हाथ लगती है। एजेंसी पर कई लोग ऐसे भी रहे, जिन्हें रिफिल गैस सिलिंडर नहीं मिला पर फोन पर मैसेज डिलीवरी का आ चुका था। ननिहापुर की नीलम का आरोप है कि दो मार्च को गैस बुक किया।

एजेंसी से फोन आया और बेटे हिमांशु से डीएसी (डिलिवरी आथेंटिकेशन कोड) पूछ ली। इन्हें गैस नहीं मिली, पर डिलीवरी दर्शाई जा चुकी थी। मोहम्मद जफर, जटहा के दुर्गेश की भी यही समस्या रही। एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि एजेंसियों की जांच कराई जा रही है।

गैस एजेंसी प्रबंधक नितिन कुमार ने बताया कि सर्वर चलने पर डिलीवरी के लिए रसीद काटी जाती है। उसके लिए ही डीएसी पूछी गई होगी। रसीद कटने के बाद गैस वितरण की जाती है। कोई ऐसा ग्राहक है, तो वह एजेंसी से गैस ले सकता है।