यूपी की नदियों में 3.78 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बिगड़े हालात, बाढ़ के चपेट में बाराबंकी के 60 गांव
बाराबंकी में सरयू नदी खतरे के निशान से 37 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है, जिससे 60 गांव बाढ़ की चपेट ...और पढ़ें

नदियों में 3.78 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बिगड़े हालात।
HighLights
सरयू नदी खतरे के निशान से 37 सेमी ऊपर।
बाराबंकी के 60 गांव बाढ़ की चपेट में।
बैराजों से 3.78 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
जागरण टीम, बाराबंकी। बारिश और सरयू नदी के उफान से जल जीवन बेहाल। सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से 37 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है, 60 गांव बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं। आठ स्थानों पर कटान भी हो रही है। तहसील नवाबगंज में तीन, फतेहपुर में 38 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि, हैदरगढ़, रामनगर और सिरौलीगौसपुर में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। दिन भी शहर सहित कई स्थानों बारिश हुई।
एल्गिन ब्रिज पर जलस्तर दोपहर 12 बजे 106.440 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 106.070 मीटर से 37 सेंटीमीटर ऊपर है। नदी में गिरिजा, शारदा और सरयू बैराज से तीन लाख 78 हजार 800 क्यूसेक पानी और छोड़ा गया। इससे पानी और बढ़ सकता है।
रामनगर के केदारीपुर, सरसंडा, सिराौलीगौसपुर के बबुरी, सनावा, व रामसनेहीघाट के गुनौली और खेता सराय, चिर्रा, सहित आठ स्थानों में कटान हो रही है। कोइलीपुरवा व सकतापुर का संपर्क मार्ग बाढ़ में कट गया।
हेतमापुर में बंद दूर संचार केंद्र का भवन भी कटान की जद में है। हेमतमापुर मंदिर के चारों ओर पानी भर गया है। गांवों के अंदर नाव से भोजन व दवाएं पहुंचाई जा रही हैं। राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने चिर्रा में नदी की कटान की स्थिति देखी। ग्रामीणों को मदद का भरोसा दिया।
भोजन देख फैले पीड़ितों के हाथ
प्रशासन की टीम रामसनेहीघाट के गुनौली में भोजन लेकर पहुंची तो पीड़ितों के हाथ एक साथ फैल गए। बच्चे महिलाएं और बुजुर्ग सभी शामिल रहे।
फैक्ट फाइल (आपदा विभाग के अनुसार)
| क्र.सं. | विवरण / विवरण श्रेणी | संख्या / क्षेत्रफल |
|---|---|---|
| 1 | बाढ़ प्रभावित जनसंख्या | 25,797 |
| 2 | बाढ़ प्रभावित परिवार | 5,847 |
| 3 | सुरक्षित स्थान पर भेजे गए नागरिक | 12,686 |
| 4 | कुल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रफल | 4,665.549 हेक्टेयर |
| 5 | कृषि योग्य प्रभावित क्षेत्रफल | 1,505.431 हेक्टेयर |
| 6 | कटान प्रभावित क्षेत्रफल | 14.431 हेक्टेयर |
| 7 | प्रशासन की ओर से नियमित नाश्ता व भोजन प्राप्तकर्ता | 5,190 |
