बाराबंकी-बहराइच नेशनल हाईवे पर चलती कार में लगी आग, लोगों ने कूदकर बचाई जान
बाराबंकी-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक चलती इकोस्पोर्ट कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार छह लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

चलती कार में लगी आग।
HighLights
बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर चलती कार में लगी आग।
इकोस्पोर्ट कार में सवार छह लोगों ने बचाई जान।
दमकल टीम ने आग पर काबू पाकर यातायात सामान्य किया।
संवाद सूत्र, गणेशपुर (बाराबंकी)। बाराबंकी-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम चलती कार में आग लग गई। कार में सवार छह लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग की तेज लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया।
इकोस्पोर्ट कार के चालक मो. अजीम निवासी ग्राम बासुरा, थाना रामपुर मथुरा, सीतापुर, नाजिया, हस्सान, सोना, सना और गुलशन के साथ कर्नलगंज-परसपुर से रिश्तेदारी से वापस लौट रहे थे। चौकाघाट रेलवे स्टेशन के पास पहुंचते ही कार के बोनट से अचानक खट की आवाज आई। इसके बाद बोनट से आग की तेज लपटें निकलने लगीं।
चालक ने तत्काल कार रोककर सभी को बाहर निकाला। इतने में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेज थी कि हाईवे पर दोनों ओर वाहन रुक गए। जलती कार से तेज आवाज भी हो रही थी।
दमकल टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। कार में रखे मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जल गए। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।
यह भी पढ़ें- खेल एकदम साफ था… सरकारी कुर्सी पर बैठकर प्राइवेट अस्पताल चला रहे डॉक्टर की गई नौकरी, शासन स्तर से कार्रवाई
