हादसों में देवरिया के युवक समेत तीन की मौत
बाराबंकी : राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ-फैजाबाद पर अलग-अलग तीन हादसे हुए, जिसमें देवरिया के युवक
बाराबंकी : राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ-फैजाबाद पर अलग-अलग तीन हादसे हुए, जिसमें देवरिया के युवक समेत तीन की मौत हो गई। अहमदपुर, कोटवा सड़क और रामसनेहीघाट क्षेत्र में दुर्घटनाएं हुईं।
अहमदपुर : सफदरगंज थाना क्षेत्र के उधौली ओवरब्रिज पर फैजाबाद की ओर जा रहा ट्रेलर रात एक बजे पीछे से अज्ञात वाहन में भिड़ गया। इसमें चालक असहाब (20 वर्ष) पुत्र नशीर निवासी डिहुआ टोला, पोदुआ थाना रामपुर जिला देवरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची एनएचएआई की एंबुलेंस जिला अस्पताल लेकर जा रही थी। रास्ते में ही चालक ने दम तोड़ दिया।
रामसनेहीघाट : कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बैसनपुरवा निवासी राकेश कुमार यादव (22) पुत्र विजय कुमार यादव रविवार की सुबह घर से दूध देने निकले थे। किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रामा सेंटर पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया।
हथौंधा : कोटवा सड़क निवासी राम प्रसाद निगम 70 वर्ष अपनी परचून की दुकान खोलने के लिए सुबह अपने घर से निकले थे। वहीं पर क्लीनिक के सामने सड़क क्रास कर रहे थे, इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घर के सदस्य अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।