तो फिर मिले 20 पॉजीटिव क्षय रोगी
तो फिर मिले 20 पॉजीटिव क्षय रोगी
बाराबंकी : क्षय रोग पर नियंत्रण करने के उद्देश्य से जिले में सघन टीबी रोगी खोजी अभियान में 20 बलगम के पॉजिटिव रोगी पाए गए। अभियान के तहत अब तक करीब एक लाख 53 हजार 599 लोगों की स्क्रीनिग की गई। इस दौरान जांच के बाद 644 संभावित लोग मिले। मौके पर 20 बलगम के पॉजिटिव रोगी पाए गए। इन लोगों को इलाज शुरू कर दिया गया है। टीमों ने अब तक 28 हजार 288 घरों का भ्रमण किया गया। यह अभियान 23 अक्टूबर तक चलेगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी व अभियान के नोडल डॉ. एके सिंह ने बताया कि इस बार अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में कुल 137 टीम बनाई गई हैं। जिसके निगरानी के लिए 31 सुपरवाइजरों को लगाया गया है। टीमें घर-घर जाकर क्षय रोगियों की खोज करेगी। उन्होंने आह्वान किया कि लोग अपने स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करें और समय रहते अपना इलाज कराएं, ताकि दूसरों में भी यह बीमारी न फैले। क्षय रोग का एक मरीज 10 से 15 लोगों को संक्रमित कर देता है। इसलिए क्षय रोग के मरीज का तत्काल उपचार शुरू कराना चाहिए। अभियान के दौरान जो मरीज संभावित मिलेंगे उनका नमूना टीम के सदस्य लेंगे।
इसके बाद दूसरी सुबह खाली पेट उस मरीज के बलगम का दूसरा नमूना लिया जाएगा। जांच जिला टीबी यूनिट में की जाएगी। टीबी रोग की पुष्टि होने के बाद मरीजों का निश्शुल्क उपचार शुरू होगा। इसी के साथ जो भी प्राइवेट चिकित्सक, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किसी टीबी के संदिग्ध मरीज को रेफर करता है तो उनको प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें पौष्टिक आहार के लिए प्रतिमाह 500 रुपये प्रदान किए जाएंगे।