टीबी रोगी खोजेंगी 137 टीमें, घर-घर देगी दस्तक
टीबी रोगी खोज अभियान 10 से 23 तक 137 टीमें घर-घर देगी दस्तक
बाराबंकी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2025 तक भारत को टीबी रोग से मुक्त करने के लक्ष्य के साथ जिला क्षय रोग विभाग एक बार फिर सघन टीबी रोगी खोज अभियान शुरू कर रहा है। यह अभियान 10 से 23 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान में जिले के 15 ब्लॉक से लक्षित तीन लाख 70 हजार लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। टीम प्रतिदिन 50 घरों का भ्रमण कर मरीजों को खोजने का काम करेगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी/अभियान के नोडल डॉ. एके सिंह ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में कुल 137 टीम बनाई गई हैं। इसकी निगरानी के लिए 31 सुपरवाइजरों को लगाया गया है। टीमें घर-घर जाकर टीबी मरीजों की खोज करेंगी। वहीं बीते जून माह में चलाए गए इस अभियान के तहत कुल 70 क्षय रोगी खोज में पाए गए। उन सभी मरीजों का तत्काल इलाज शुरू कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि इस अभियान में इस बार कुल 3.70 लाख आबादी को लक्षित किया गया है। अभियान में जो भी संदिग्ध मरीज मिलेगा, टीम उसका मौके पर ही नमूना लेगी। इसके बाद दूसरी सुबह खाली पेट उस मरीज के बलगम का दूसरा नमूना लिया जाएगा, जिसकी जांच जिला टीबी यूनिट में की जाएगी। टीबी रोग की पुष्टि होने के बाद मरीजों का निश्शुल्क उपचार शुरू होगा। इसी के साथ जो भी प्राइवेट चिकित्सक, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किसी टीबी के संदिग्ध मरीज को रेफर करता है तो उनको प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें पौष्टिक आहार के लिए प्रतिमाह 500 रुपये भी दे रहे हैं।