विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के राशन कार्ड धारकों के लिए खुशखबरी, अब हर परिवार को मिलेगा 5 लाख रुपये तक का फ्री इलाज

Published: Thu, 22 Oct 2026 05:21 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार सभी राशन कार्ड धारकों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की तैयारी कर रही है, जिससे उन्हें 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल सकेगा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सभी राशन कार्ड धारकों को मिलेगा 5 लाख का इलाज।

  2. आयुष्मान भारत योजना से जुड़ेंगे यूपी के लाखों परिवार।

  3. कम यूनिट वाले परिवारों को भी मिलेगा अब लाभ।

जागरण संवाददाता, बांदा। अब हर राशन कार्ड धारक को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकती है। प्रदेश सरकार की ओर से सभी राशन कार्ड धारकों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

इससे बांदा जिले के उन लाखों परिवारों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, जो अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाने के कारण योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।

खासकर पात्र गृहस्थी के छह यूनिट से कम वाले परिवारों को इस पहल से फायदा मिल सकता है। हालांकि, प्रस्ताव को सैद्धांतिक स्वीकृति मिली है, लेकिन इसे लागू करने की तारीख व पात्रता संबंधी नियम अभी तय नहीं हुए हैं।

जिले में पात्र गृहस्थी (सफेद) व अंत्योदय (लाल) के कुल 3,60,283 राशन कार्ड हैं। इन पर 13,20,713 लाभार्थी दर्ज हैं। इनमें पात्र गृहस्थी के 3,11,992 कार्डों पर 12,04,473 लाभार्थी हैं, जबकि अंत्योदय के 48,291 कार्डों पर 1,16,240 लाभार्थी दर्ज हैं। यदि सभी राशन कार्ड धारकों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाता है तो जिले के लाखों लोगों को गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक मदद मिल सकेगी।

छह यूनिट से कम वालों को भी मिल सकता है लाभ

वर्तमान व्यवस्था में अंत्योदय राशन कार्ड धारकों के साथ पात्र गृहस्थी के छह या उससे अधिक यूनिट वाले परिवारों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिलती रही है। वहीं, छह यूनिट से कम वाले कई परिवार आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाने के कारण योजना से वंचित हैं।

सभी राशन कार्ड धारकों को योजना से जोड़ने का प्रस्ताव लागू होने पर ऐसे परिवारों को भी आयुष्मान कार्ड मिलने की उम्मीद है। इससे गंभीर बीमारी के दौरान इलाज का खर्च जुटाने के लिए कर्ज लेने या जमा-पूंजी खर्च करने की मजबूरी कम हो सकती है।

योजना के निर्धारित नियमों के तहत लाभार्थी सरकारी और संबद्ध निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार करा सकेंगे।जिलापूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी ने बताया कि इस योजना से सभी राशन कार्ड धारकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेंद्र कुमार ने बताया कि अभी शासन से इस संबंध में कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। प्रस्ताव लागू होने पर पात्र गृहस्थी के उन लोगों को भी लाभ मिल सकेगा, जिनके आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बन पाए हैं।

लाभार्थियों ने जताई खुशी

छह यूनिट से कम सदस्य होने के कारण आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा था। इसके लिए कई बार सीएचसी भी गया। सभी राशन कार्ड धारकों को सुविधा मिलने से जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिलेगा। -बब्बू गुप्ता, सुभाष नगर- अतर्रा।

राशन कार्ड के आधार पर आयुष्मान कार्ड बनने से कम सदस्यों वाले परिवारों को भी इलाज की सुविधा मिल सकेगी। यह सरकार की अच्छी पहल है। -अनुज श्रीवास्तव, अत्रि नगर- अतर्रा।

आर्थिक तंगी के कारण कई गरीब परिवार समय पर इलाज नहीं करा पाते और उन्हें कर्ज लेना पड़ता है। कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने से ऐसे परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। -राजू साहू, पैलानी डेरा।

आयुष्मान कार्ड का दायरा बढ़ने से इलाज का खर्च न उठा पाने वाले लोगों को मदद मिलेगी। सरकार की यह पहल स्वागत योग्य है। इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए। -आशु शिवहरे, ओरन।