PRD जवानों को सरकार ने दी बड़ी सौगात: अब रोजाना 600 रुपये मिलेगा ड्यूटी भत्ता, कैशलेस इलाज का भी मिला तोहफा
सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के लिए दो बड़े फैसले लिए हैं, जिसमें उनका दैनिक भत्ता 100 रुपये बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
पीआरडी जवानों का दैनिक भत्ता 100 रुपये बढ़ाया गया।
अब जवानों को प्रतिदिन 600 रुपये ड्यूटी भत्ता मिलेगा।
जवानों और परिवार को कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
जागरण संवाददाता, बांदा। जिले की कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन में सबसे आगे रहने वाले प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने उनके हित में दो बड़े फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में पीआरडी जवानों का ड्यूटी भत्ता 100 रुपये प्रतिदिन बढ़ाने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। अब प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़कर 600 रुपये मिलेगा।
जिले में कुल 2367 पीआरडी जवान तैनात हैं। इनकी ड्यूटी पुलिस विभाग की सभी शाखाओं, महिला थानों, यातायात संचालन, मेला, प्रदर्शनी, तीर्थयात्रा, निर्वाचन, दैवी आपदाओं, हड़ताल एवं अन्य अपरिहार्य परिस्थितियों में लगाई जाती है।
सरकार के नए फैसले के अनुसार अब पीआरडी जवानों को मिलने वाले दैनिक भत्ते में 100 रुपये की बढ़ोतरी होगी। पहले जहां उन्हें निश्चित मानदेय पर ड्यूटी करनी पड़ती थी, अब बढ़े हुए भत्ते से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। यदि कोई जवान लगातार 30 दिन ड्यूटी करता है तो उसे हर महीने तीन रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
इससे प्रतिवर्ष जिले के पीआरडी जवानों के लिए 28 लाख 40 हजार 400 रुपये का अतिरिक्त भार आएगा, लेकिन जवानों के मनोबल के लिए यह जरूरी कदम बताया जा रहा है। दूसरा बड़ा फैसला कैशलेस इलाज को लेकर है।
जवान और उनके परिवार को होगा फायदा
अभी तक बीमार होने पर पीआरडी जवानों को अपनी जेब से खर्च करना पड़ता था और बाद में प्रतिपूर्ति में लंबा समय लगता था। अब उन्हें उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इससे जवान और उनके परिवार को सीधा फायदा होगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी ने बताया कि बांदा जनपद में 2367 पीआरडी जवान पंजीकृत हैं। इनमें से अधिकांश जवान थानों, चौकियों और ट्रैफिक व्यवस्था में पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ड्यूटी दे रहे हैं।
चुनाव के दौरान बूथों की सुरक्षा से लेकर केन, यमुना और चंद्रावल नदी में बाढ़ के दौरान राहत कार्य तक में इनकी अहम भूमिका रहती है। पीआरडी जवानों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। जवानों का कहना है कि भत्ता बढ़ने से परिवार का खर्च चलाने में आसानी होगी और कैशलेस इलाज मिलने से बीमारी की चिंता खत्म होगी। इससे वे और अधिक लगन से ड्यूटी कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- लखनऊ से शुरू होगा कश्मीर का सुहाना सफर: IRCTC के 'जन्नत-ए-कश्मीर' पैकेज में करें श्रीनगर-सोनमर्ग और गुलमर्ग की सैर
पिछले आठ साल से ड्यूटी कर रहा हूं। 100 रुपये भत्ता बढ़ने से महीने के 3000 रुपये बढ़ेंगे, परिवार के खर्च में सहूलियत मिलेगी। कैशलेस इलाज मिलने से बीमारी पर कर्ज नहीं लेना पड़ेगा। सरकार ने जवानों की सुध ली। -पीआरडी जवान रामबाबू, अर्जुनाह
हम पुलिस के साथ दिन-रात मेला, चुनाव, बाढ़ और रपटा जैसी खतरनाक जगहों पर ड्यूटी देते हैं। पहले इलाज के लिए जेब से पैसा लगाना पड़ता था। अब कैशलेस सुविधा से सीधे अस्पताल में इलाज होगा। यह फैसला हमारे मनोबल को बढ़ाएगा। -पीआरडी जवान शीतल प्रसाद, पिपरगवां
यह भी पढ़ें- फसल ही नहीं, बिजली बेचकर भी मौज काट रहे बिजनौर के किसान, रोज बन रही 1.60 लाख यूनिट बिजली
जिले के पीआरडी जवानों को बढ़े हुए भत्ते व कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इस संबंध में जो भी दिशा-निर्देश मिलेंगे उनके अनुपालन के अनुरूप सुविधाएं मिलेंगी। -जितेंद्र कुमार, जिला युवा कल्याण, अधिकारी, बांदा
