भाजयुमो कार्यकर्ता पर चलाई गोली, साथी छात्र को पीटा
दो पक्ष में हो रहे विवाद का निपटारा कराने पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा के जिला कार्य समीति सदस्य पर चार पहिया सवार दबंगों ने तमंचों से ताबड़-तोड़ तीन राउंड फायरिग कर दी। जिसमें वह बाल-बाल बचा। इस बीच उसके एलएलबी छात्र दोस्त को हमलावरों ने हाकी से पीटकर जख्मी कर दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस हमलावरों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। एक नामजद व कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जागरण संवाददाता, बांदा : दो पक्ष में हो रहे विवाद में सुलह कराने गए भाजपा युवा मोर्चा (भाजयूमो) के जिला कार्य समीति सदस्य पर दबंगों ने फायरिग कर दी। हालाकि वह बाल-बाल बच गए। इसी बीच दबंगों न भाजयूमो नेता के दोस्त व एलएलबी के छात्र को पकड़ लिया। उसे हॉकी से पीटकर जख्मी कर दिया। तहरीर के आधार पर एक नामजद सहित कई अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मोहल्ला कालूकुआं निवासी भाजयुमों सदस्य धीरेंद्र सिंह का गुरुवार को जन्म दिन था। देर रात वह अपने मोहल्ले निवासी 28 वर्षीय एलएलबी छात्र दोस्त रोहित व जिला मंत्री दिवेश कुमार के साथ सिविल लाइंस स्थित एक होटल में खाना खाने जा रहे थे। जैसे ही वह होटल में खाना खाने बैठे तभी मोहल्ले के ही एक किशोर ने रोहित को फोन किया। जानकारी दी कि जीआइसी मैदान के पास कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इस पर होटल में बैठे तीनों लोग मौके पर विवाद सुलझाने पहुंच गए। दूसरे से पक्ष से वहां मौजूद शिवम् ने भी विवाद की जानकारी अपने मामा जरैली कोठी निवासी दिलीप सिंह लाला को दी। इस पर वह भी चार पहिया वाहन से अपने कई साथियों के साथ जीआइसी मैदान पहुंच गए। वहां दिलीप व उसके साथियों ने रोहित के सीने में तमंचा लगाकर फायर किया तो कार्य समीति सदस्य धीरेंद्र ने तमंचा ऊपर कर दिया। जिससे रोहित बाल-बाल गोली लगने से बचा। इसी बीच हमलावरों ने छात्र रोहित को हाकी से पीटकर जख्मी कर दिया। तीनों साथी जान बचाने को बाइक से भागे तो हमलावरों ने पीछे से कई राउंड फायरिग की। हालाकि गोली न लगने से वह बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी कार्य समीति सदस्य व जिला मंत्री ने पुलिस को दी। इस पर सीओ सिटी आलोक मिश्रा, कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह, चौकी इंचार्ज सिविल लाइन प्रमोद सिंह आदि मौके पर पहुंचे। हमलावरों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी की गई। मगर कोई सफलता नहीं मिली। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रोहित की तहरीर पर हमलावर दिलीप लाला को नामजद व कई अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।