मां शेरों वाली, ऊंचे डेरों वाली, बिगड़े बना दे मेरे काम
जागरण संवाददाता बांदा शारदीय नवरात्र महोत्सव के पांचवे दिन मां दुर्गा के पांचवे स्वरूप स्कंद म
जागरण संवाददाता बांदा : शारदीय नवरात्र महोत्सव के पांचवे दिन मां दुर्गा के पांचवे स्वरूप स्कंद माता के स्वरूप की पूजा व आराधना हुई। देवी मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी। वहीं आकर्षक ढंग से सजे देवी पंडालों में भी रौनक बढ़ रही है। भक्त देवी के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन कर भाव विभोर हो रहे हैं। मां दुर्गा के के जयकारे गूंजते रहे।
शारदीय नवरात्र के पांचवे दिन सुबह से शहर के काली मंदिर, महेश्वरी माता मंदिर, चौसठ जोगिनी और कटरा स्थित मां सिंहवाहिनी मंदिर में देवी दर्शनों को भक्तों की उमड़ पड़ी। हालांकि ज्यादातर भक्त मास्क में नजर आए। मंदिरों में मां अंबे के जयकारे व घंटे-घड़ियाल की गूंज से वातावरण भक्तिमय रहा। सुबह चार बजे से नौ बजे तक मंदिर भक्तों से आबाद रहे। इसके बाद पूरे दिन पूजन-पाठ का सिलसिला चलता रहा। भक्तों ने यहां दुर्गा शप्तशती पाठ कराया। कन्याओं को हलुवा-पूड़ी का प्रसाद वितरित किया। घरों में नौ दिन का व्रत करने वाली महिलाओं ने माता की पूजा व आराधना की। कई भक्त निर्जला उपवास तो कई फलाहारी कर रहे हैं। देवी भक्ति में लीन इन श्रद्धालुओं में भूख-प्यास की चिता नजर नहीं आ रही है। उधर, देवी पंडालों में साज-सज्जा बढ़ गई है। भक्त मां अंबे की आराधना में उत्साह दिखा रहे हैं। आदि शक्ति के पांचवे स्वरूप मां स्कंदमाता के दर्शन करने के लिए पंडालों में शाम से भक्तों की कतारें लग गईं। शहर के विभिन्न स्थानों पर पंडालों में सजे अंबे मां के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन को भक्त आते रहे। युवाओं ने कहीं खप्पर आरती तो कहीं देवी आरती का आयोजन किया। ढोल, तास, मजीरों की धुन में भक्त झूमते रहे। पैलानी, अतर्रा, तिदवारी, मटौंध, नरैनी, बबेरू व चिल्ला में भी पंडालों में देर रात तक देवी गीत गूंज रहे हैं। पूरा माहौल देवीमय नजर आ रहा है। कई जगह माता जागरण के कार्यक्रम में कलाकारों ने कार्यक्रम पेश किए। भक्त यहां रात भरे जमे रहे।
------------
विध्यवासिनी मंदिर में मांगी मन्नतें
गिरवां : खत्री पहाड़ स्थित सिद्ध दात्री विध्यवासिनी मंदिर में बुधवार को भक्तों ने माता के दर्शन किए और मन्नतें मांगी। इस दौरान पहाड़ के ऊपर सीढि़यां चढ़कर भक्तों ने मां विध्यवासिनी के जयघोष किए। महिलाओं ने बच्चों का मुंडन कराया और कन्या भोज कराया।
----------
केंद्रीय पूजा समिति कार्यालय का उद्घाटन
बांदा : केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति संरक्षक व पूर्व विधायक राजकुमार शिवहरे ने बुधवार को महेश्वरी देवी मंदिर के निकट कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान अध्यक्ष अमित सेठ भोलू, अशोक गुप्ता, कल्पना, अभिषेक पांडेय, विजय निगम, निशांत खैरा व नईम नेता आदि मौजूद रहे।