Love Jihad: प्रेमजाल में फंसाकर अपहरण,गुजरात में किशोरी से किया सामूहिक दुष्कर्म,मुस्लिम महिला ने रची थी साजिश
साजिश में मुहल्ले की एक मुस्लिम महिला की भूमिका भी सामने आई है। सीओ नितिन कुमार ने बताया कि अदालत में बयान दर्ज कराने के बाद पहले से दर्ज कराए गए अपहरण के मुकदमे में आरोपितों का नाम और धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
बांदा, जागरण संवाददाता। 16 वर्षीय किशोरी को लव जिहाद में फंसाकर उसका अपहरण कर लिया गया। उसको मध्य प्रदेश के पन्ने जिला का मुस्लिम युवक गुजरात ले गया। उसे बंधक बनाकर युवक और उसके दो साथियों ने 14 दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया। मतांतरण और निकाह के लिए दबाव बनाया। विरोध पर उसे बेचने की धमकी दी गई। किसी तरह किशोरी ने फोन कर मां से संपर्क किया तो उसके बाद वहां से उसको छुड़ाकर घर लाया गया।
अदालत में बयान दर्ज
साजिश में मुहल्ले की एक मुस्लिम महिला की भूमिका भी सामने आई है। सीओ नितिन कुमार ने बताया कि अदालत में बयान दर्ज कराने के बाद पहले से दर्ज कराए गए अपहरण के मुकदमे में आरोपितों का नाम और धाराएं बढ़ाई जाएंगी। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामला नरैनी कस्बे का है। किशोरी बीती 14 मई की शाम मुख्य चौराहे के पास सब्जी खरीदने गई थी। इसके बाद घर नहीं लौटी।
मुंह पर रुमाल लगाकर उसे बेहोश कर दिया
स्वजन ने 15 मई को अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। 28 मई को किशोरी ने मां को फोन कर बताया कि सब्जी खरीदते समय पन्ना जिले के बरौली का रहने वाला युवक ने मुंह पर रुमाल लगाकर उसे बेहोश कर दिया। होश आया तो खुद को कालिंजर में पाया। इसके बाद युवक का एक साथी भी आ गया और दोनों उसे बरौली ले गए। वहां खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। वह रातभर बेहोश रही।
युवक और उसके दो साथी दुष्कर्म करते थे
15 मई की सुबह दोनों उसे अतर्रा रेलवे स्टेशन से गुजरात ले गए। सूरत शहर के गणेश नगर मुहल्ला में उसे रखा गया था। वहां युवक और उसके दो साथी दुष्कर्म करते थे। कमरा बाहर से बंद कर काम पर चले जाते थे। आरोपितों ने उसके मोबाइल फोन का सिम कार्ड छिपा दिया था। खोजने पर सिम मिल गया तब उसने मां को फोन किया। मां ने गुजरात में ही रहने वाले अपने भाई को बताया और दामाद को किशोरी को लाने के लिए भेजा। 30 मई को किशोरी को वहां से मुक्त कराया गया।