यहां तो हर रोड पर मिलते हैं हिचकोले
झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-76 को थ्री-लेन बनाने का कार्य करीब एक वर्ष से चल रहा है। लेकिन अभी तक अधूरा है। कबरई से बांदा तक की दूरी करने में वाहन चालकों को कई घंटे का अतिरिक्त समय गंवाना पड़ रहा है। वहीं मंडल मुख्यालय को जोड़ने वाले राज्य मार्गो में भी हिचकोले खाने पड़ रहे हैं।
जागरण संवाददाता, बांदा : झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-76 को थ्री-लेन बनाने का कार्य करीब एक वर्ष से चल रहा है। लेकिन अभी तक अधूरा है। कबरई से बांदा तक की दूरी करने में वाहन चालकों को कई घंटे का अतिरिक्त समय गंवाना पड़ रहा है। वहीं मंडल मुख्यालय को जोड़ने वाले राज्य मार्गो में भी हिचकोले खाने पड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री के 30 अक्टूबर तक मुख्य सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के सख्त निर्देश के बाद अब इन सड़कों के कायाकल्प की उम्मीदें बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले भी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए थे। भारी भरकम बजट भी जारी किया। पीडब्लूडी व राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने काम भी शुरू कराया। लेकिन अभी जनता को गड्ढों से राहत नहीं मिली है। मंडल मुख्यालय से होकर गुजरे झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-76 को फोर लेने बनाने की कवायद दो वर्षों से चल रही है। किलोमीटर 178 (कबरई) से किलोमीटर 215 (बांदा) तक चौड़ीकरण का कार्य 19 मार्च 2018 को शुरू किया गया था। इसके लिए 49.65 करोड़ सरकार से मिले हैं। लेकिन यह कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका। मार्ग पर जगह-जगह निर्माण सामग्री बिखरी होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। कबरई से बांदा तक का दो घंटे का सफर चार घंटे में पूरा हो पा रहा है। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से निर्माण का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है।
--------------
राजमार्गों की भी हालत खस्ता
बांदा-कानपुर और बांदा-फतेहपुर राजमार्ग भी वाहन चालकों को परेशानी दे रहा है। इन दोनों मार्गों में निर्माण कार्य अभी हाल में हुआ है। लेकिन कई जगह बीच-बीच सड़क पर जानलेवा गड्ढे हो गए हैं। तिदवारी-बांदा मार्ग पर मुंगूस व बेंदा के पास सड़क बेहद खराब हो गई है। लेकिन इसे बनवाने में अधिकारी रुचि नहीं ले रहे हैं।
-----
एमपी को जोड़ने वाला मार्ग बदहाल
मंडल मुख्यालय को सतना से जोड़ने वाला राजमार्ग बदहाल है। बालू से ओवरलोड ट्रकों की धमाचौकड़ी की वजह से सड़क निर्माण के वर्ष भर के अंदर ही गड्ढों में तब्दील हो गई है। इसमें आए दिन हादसे हो रहे हैं। वहीं बांदा से बिसंडा, ओरन वाया सिंहपुर रोड का निर्माण कार्य पिछले वर्ष पूरा हुआ था। लेकिन इस समय पूरी सड़क जानलेवा गड्ढों में परिवर्तित हो गई है।
-----------
-झांसी-मिर्जापुर एनएच-76 के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसमें करीब 80 फीसद कार्य पूरा हो गया है। शेष कार्य भी जल्द से जल्द पूरा करा लिया जाएगा।-ज्ञान गुप्ता, एक्सईएन, एनएच