कर्ज से परेशान किसान ने जहर खाकर आत्महत्या की
जागरण संवाददाता, बांदा : बिसंडा क्षेत्र के जरोहरा निवासी किसान ने जहर खाकर आत्महत्या कर
जागरण संवाददाता, बांदा : बिसंडा क्षेत्र के जरोहरा निवासी किसान ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने भूमि विकास बैंक प्रबंधक व तहसील कर्मियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
जरोहरा निवासी दिलीप (22) पुत्र राजेंद्र ने शुक्रवार की दोपहर खेत में जाकर जहर खा लिया। घर लौटा तो उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने आनन-फानन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गयी। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा व अविवाहित था। बड़े भाई प्रदीप नारायण ने बताया कि पिता ने 2009 में ट्रैक्टर खरीदने के लिए भूमि विकास बैंक शाखा बबेरू से 3 लाख 10 हजार रुपये का कर्ज लिया था। 2012 में पिता की मौत के बाद जमीन सभी भाइयों के नाम आ गई। जिससे कर्ज भी सभी पर आ गया। वर्तमान में यह कर्ज बढ़कर आठ लाख हो चुका है। दिलीप घर का मालिक था। कई साल से फसल अच्छी न होने कारण कर्ज नहीं अदा कर पा रहे थे। मार्च माह में तहसील से वसूली के लिए आरसी जारी कर दी गयी थी। तहसील के अमीन पैसा न जमा करने पर ट्रैक्टर खींच कर ले जाने की धमकी दे रहे थे। बैंक से भी फोन आ रहा था। इसी बात से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली है।