नाली के विवाद में चले फरसा व लाठी, किसान की मौत
संवाद सहयोगी नरैनी नाली के विवाद में पड़ोसी पिता-पुत्रों ने मिलकर किसान पर फरसा व लाठी स
संवाद सहयोगी, नरैनी : नाली के विवाद में पड़ोसी पिता-पुत्रों ने मिलकर किसान पर फरसा व लाठी से हमला कर दिया। हमले से घायल किसान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हालाकि खबर लिखे जाने तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी।
नरैनी थाना क्षेत्र के ग्राम नंदवारा निवासी 55 वर्षीय राममूरत सिंह राजपूत को पड़ोसी वीर सिंह व उसके पुत्रों रामजस, नन्ना, दीपू और भाई बाबू ने फरसा, लाठी से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। भाई रामशरण ने बताया कि वीर सिंह अपने घर की नाली का पानी राममूरत के दरवाजे पर बहाता है। नाली के पानी के साथ कचरा उसके दरवाजे पर इकठ्ठा हो गया था। राममूरत ने शुक्रवार की सुबह कचरा साफ कर बीच रास्ते में इकठ्ठा कर दिया था। इसी बात पर हमलावर वीर सिंह की पत्नी ने पहले इसका विरोध किया। इसके बाद उसने घर जाकर पुरुषों से ये बात बताई। इसी बात पर सभी लोगों ने मिलकर हमलाकर दिया।
जमीन को लेकर भी थी रंजिश
रामशरण ने बताया कि राममूरत के पास 15 बिस्वा जमीन है। इस जमीन को लेकर वीर सिंह अक्सर विवाद करता था। कहता था कि यह चक रोड है। कुछ दिन पहले वीर सिंह ने अपने ट्रैक्टर से उसकी गेहूं की फसल रौंद दी थी।
------------------------
परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए हैं।
- रामेंद्र तिवारी, थाना प्रभारी
-------
पुलिस करती कार्रवाई तो न होती हत्या
बांदा : तीन फरवरी को हमलावरों ने मृतक के भाई रामशरण को तमंचा लगा दिया था। इस घटना की रिपोर्ट पीड़ित ने थाने दर्ज कराई थी। रामशरण के पुत्र पन्नालाल ने बताया कि हमलावर रिपोर्ट लिखाने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पुलिस ने घटना के बाद आरोपितों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की थी। इससे उनके हौसले बुलंद थे। यदि पुलिस ने इन पर कार्रवाई की होती तो वारदात रोकी जा सकती थी।