नवरात्र के अंतिम दिन उमाह गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
जागरण संवाददाता बांदा शारदीय नवरात्र इस बार आठ दिन की पड़ी हैं। ऐसे में महिलाओं ने ग
जागरण संवाददाता, बांदा : शारदीय नवरात्र इस बार आठ दिन की पड़ी हैं। ऐसे में महिलाओं ने गुरुवार को भी अठवाईं चढ़ाईं। वहीं जवारा विसर्जन शुक्रवार को होगा। बुधवार को उमाह गीतों से मंदिरों व आसपास का वातावरण भक्तिमय रहा। वहीं रात में जगराता में गायकों ने देवी भजन प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। गांव व शहर में देवी उमाह गीतों ने भी भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। शाम से देवी पंडालों में दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। देर रात तक भक्तों ने मां के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन किए।
शारदीय नवरात्र में नवमी पर सुबह से देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में महिलाओं ने शहर के महेश्वरी देवी मंदिर, काली देवी मंदिर, खाईंपार स्थित जोगिनी माता मंदिर, कटरा में सिंहवाहिनी मंदिर में अठवाईं चढ़ाई। इस बीच मंदिरों में खचा-खच भक्तों की भीड़ रही। पूरे दिन कन्या भोजन व भंडारे के आयोजन हुआ। कन्याओं के साथ देवी भक्तों ने खूब प्रसाद चखा। वहीं सिद्धदात्री विध्यवासिनी मंदिर में नवमी पर श्रद्धा का सैलाब दिखा। यहां यूपी के साथ एमपी के कई जिलों से भक्त देवी दर्शन को पहुंचे। मां के दर्शन के बाद भक्तों ने यहां मेले का लुत्फ उठाया। उधर, शाम होते ही देवी पंडालों में दर्शन के लिए भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। शहर के अलीगंज स्थित काली देवी बाल समाज की ओर से सजाई गई देवी की भव्य प्रतिमा भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। वहीं कालूकुआं में मां काली की प्रतिमा के दर्शन के लिए भक्त पूरी रात जुटे रहे। वहीं महाराणा प्रताप चौराहा, रामलीला मैदान, महेश्वरी देवी मंदिर, छोटी बाजार व खाईंपार में देवी के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। उधर, बबेरू, अतर्रा, नरैनी, मटौंध, तिदवारी, जसपुरा व पैलानी की पाथा दाई मंदिर में कन्या भोज और भंडारे हुए। भक्तों की भीड़ पूरे दिन मंदिरों में रही।