टूटी-फूटी हिंदी बोल रहा बांदा में पकड़ा गया संदिग्ध बांग्लादेशी, खुद को कभी असाम तो कभी बांग्लादेश का निवासी बता रहा
बांदा में बारावफात जुलूस के दौरान एक संदिग्ध युवक पकड़ा गया है, जो खुद को कभी बांग्लादेशी तो कभी असम का बताता है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बारावफात जुलूस के दौरान बांदा में संदिग्ध युवक पकड़ा गया।
युवक खुद को कभी बांग्लादेशी, कभी असम का बताता है।
पुलिस और तीन खुफिया एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं।
जागरण संवाददाता, बांदा। बदाैसा कस्बे में बारावफात के जुलूस के दौरान बस स्टाप से पकड़े गए संदिग्ध बांग्लादेशी युवक के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पकड़े गए युवक से पूछताछ में उसके चार अन्य साथियों के चित्रकूट में होने की जानकारी मिलने के बाद बांदा पुलिस की एक टीम गुरुवार को चित्रकूट पहुंची है।
चित्रकूट समेत बांदा के होटल व ढाबों में चेकिंग की जा रही है। हालांकि, उसके बार-बार बयान बदलने व कभी खुद को बांग्लादेश तो कभी असाम का रहने वाला बताने से पुलिस भी जांच में उलझी है। उसकी भाषा भी पुलिस समझ नहीं आ रही है। हिंदी भी वह टूटी-फूटी ही बोल पा रहा है। इससे नाम व पता स्पष्ट होने की अधिकारी अभी पुष्टि नहीं कर रहे हैं। पुलिस के साथ तीन खुफिया एजेंसियां छानबीन में जुटी हैं।
बारावफात को लेकर एलआईयू के साथ पुलिस का तंत्र सक्रिय रहा है, जिसमें बदौसा थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित बस स्टाप के पास से संदिग्ध युवक बुधवार को पकड़ा गया था। पूछताछ करने पर वह न तो अपना कोई पहचान का पत्र दिखा पाया और न ही सही से नाम व पता बता पाया। ले
पुलिस ने गंभीरता से पूछताछ की तो उसने अटकते हुए चित्रकूट का नाम लिया था। यह भी बताया था कि वहां उसके चार साथी किसी होटल में रुके हैं। पुलिस जहां अभी तक उनके पखवारा भर से चित्रकूट में होने का मकसद नहीं पता कर पाई है। वहीं संदिग्ध युवक वास्तव में कौन है और कहां से आया इसका भी पता नहीं लगा सकी।
एलआईयू व सर्विलांस की टीम संदिग्ध युवक को साथ लेकर जहां चित्रकूट में छानबीन में जुटी है। वहीं अभी तक टीम वापस नहीं लौटी। सर्तकता के हिसाब से बांदा जिले की सीमाओं व होटलों में भी सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।
सूत्रों की माने तो उसके स्पष्ट न बोल पाने से पुलिस को जांच में ज्यादा दिक्कत आ रही है। फिर भी एलआईयू के साथ आईटी व आईबी खुफिया टीमें छानबीन में लगाई गई हैं।
यदि वास्तव में यह बांग्लादेशी है तो पुलिस के खुफिया तंत्र पर भी यह सवाल खड़े कर रहा है कि आखिर पखवारा भर से वह चित्रकूट में रहे तो खुफिया तंत्र को इसका पता क्यों नहीं चल पाया।
एसपी पलाश बंसल ने बताया कि युवक बांग्लादेशी है या फिर कहीं और का है यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। चित्रकूट के होटल में कुछ नहीं मिला। जहां ढाबे में काम करना बता रहे थे। उसका पुलिस पता लगा रही है।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
पुलिस बदौसा सहित रेलवे स्टेशनों व रोडवेज के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जिससे यह पता चल सके कि यह युवक कहां-कहां गया है और किसके संपर्क में था। वहीं, इस घटना के बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र के होटलों, लाज, किराए के मकानों और बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करें। जिससे युवक से संंबंधित आगे की जानकारी हो सके।
