महिलाओं ने संभाली बिजली बिल वसूली की कमान
पांच महिलाओं को प्रिटर मशीन देकर बिल वसूली करने की प्रक्रिया बताई गई
बलरामपुर : महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बिजली बिल वसूली में समूह की महिलाओं को लगाया गया है। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए सरकारी विभागों में रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जिले में शुरू हो गई है। शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय में आयोजित समारोह में पांच महिलाओं को प्रिटर मशीन देकर बिल वसूली करने की प्रक्रिया बताई गई। एक हजार उपभोक्ताओं पर एक महिला कर्मी को तैनात किया जाएगा। प्रथम चरण में पांच महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है। सीडीओ अमनदीप डुली ने कहा कि महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उनको सशक्त बनाया जा रहा है। बिजली बिल वसूली में समूह की महिलाओं का सहयोग लिया जा रहा है। इस कार्य में 214 महिलाओं को लगाया जाएगा। जो स्वयं सहायता समूह की सदस्य होंगी। एनआरएलएम के सूबेदार सिंह ने बताया कि वसूली पर तय कमीशन का भुगतान किया जाएगा। इससे उनको आमदनी भी होगी। अधीक्षण अभियंता ललित कुमार ने कहाकि विद्युत बिल कलेक्शन के लिए यूपीपीसीएल के साथ पंजीकृत स्वयं सहायता समूह सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, पीडी अनिल कुमार, एसडीओ योगेश प्रताप सिंह, केके तिवारी, प्रियदर्शी तिवारी मौजूद रहे।