गन्ने के खेत में मिला महिला का शव, सुसर ने लगाया दामाद पर ऐसा घिनौना आरोप Balrampur News
बलरामपुर के हरैया थाना क्षेत्र में एक महिला का शव गन्ने के खेत में मिला। आरोप है कि दामाद ने गला दबाकर घटना को अंजाम दिया है।
बलरामपुर, जेएनएन। जिले में एक 32 वर्षीय महिला का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। मृतका के पिता ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप में कहा कि निकाह के बाद से ही बेटी को दामाद परेशान कराता रहता था। दस साल पहले हुए निकाह के बाद से आए दिन विवाद होता था। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
निकाह के बाद आएदिन होता था झगड़ा
मामला हरैया थाना क्षेत्र के कोहला गांव का है। यहां के निवासी हकीकुल से दस साल पहले राजिया (32) का निकाह हुआ था। मृतका राजिया के पिता हबीबुल्ला का आरोप है कि निकाह के बाद से ही बेटी व दामाद के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। कई बार समझाया बुझाया, लेकिन दामाद पर इसका असर नहीं हुआ। बीते मंगलवार की सुबह दस बजे दामाद गन्ने के खेत में यूरिया खाद छिड़काव करने की बात कहकर बेटी राजिया को साथ ले गया। इसी दौरान गन्ने के खेत में बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। देर रात तक बेटी घर नहीं पहुंची तो परिवारजन ने गांव वालों के सहयोग से खोजबीन शुरू की। मृतका का शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
क्या कहना है पुलिस का ?
प्रभारी निरीक्षक हरैया जेबी सिंह ने बताया कि आरोपित पति हकीकुल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। आरोपी पति की गिरफ्तारी के संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप