प्रधान जी पर चुनाव की खुमारी, प्रवासियों का घमासान जारी
30 हजार से अधिक प्रवासियों को किया जा चुका होम क्वारंटाइन विरोध करने पर हो जाते हैं मारपीट पर आमादा
बलरामपुर : जिले में अनलॉक की छूट में नियम-कानून दरकिनार हो चुके हैं। गांवों में बनी निगरानी समितियां भी असहाय नजर आ रहीं हैं। कारण प्रधानी चुनाव का होना माना जा रहा है। इसलिए प्रधानजी किसी बवाल में फंसना नहीं चाह रहे हैं। होम क्वारंटाइन किए गए लोग बिना गमछा व मास्क बाहर खुलेआम घूम रहे हैं। जिनका विरोध करने पर मारपीट की घटनाएं हो रहीं हैं। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी इन पर अंकुश लगाने की पहल नहीं कर रहे हैं। 14 एक्टिव केस हैं। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। शारीरिक दूरी का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। जिससे लोगों में महामारी फैलने की आशंका पैदा हो गई है। अब तक पुलिस 12 से अधिक मामले प्रवासियों पर दर्ज कर चुकी है। बावजूद इसका असर नहीं दिख रहा है। दर्ज हो चुके हैं मुकदमे
-नगर कोतवाली क्षेत्र के रेहार गांव में प्रवासियों ने मारपीट की थी। जिसमें पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की थी। हरैया थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में होम क्वारंटाइन किए गए लोगों को घूमते देख ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया था। जिस पर मारपीट हो गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। देहात कोतवाली, उतरौला, गौरा चौराहा व महराजगंज तराई थाने में बिना गमछा व मास्क पहनकर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। 30 हजार लोग हैं होम क्वारंटाइन :
-जिले में 47 केस पॉजिटिव निकल चुके हैं। जिनमें 32 लोग स्वस्थ होकर जा चुके हैं। 14 एक्टिव केस हैं। जिनका उपचार एल-1 हॉस्पिटल में चल रहा है। अब तक 88 हजार प्रवासी जिले में पहुंच चुके हैं। 30 हजार से अधिक लोग होम क्वारंटाइन हैं। जिम्मेदार के बोल :
-एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि होम क्वारंटाइन किए गए लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी जा चुकी है। बाहर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का निर्देश पुलिस कर्मियों को दिया जा चुका है। शारीरिक दूरी, मास्क व गमछा पहनकर चलने से लोग इस महामारी से बचाव कर सकते हैं।