एक नवंबर से चलेगा मतदाता पुनरीक्षण विशेष अभियान
विधानसभा चुनाव की तैयारी राजनीतिक दलों के साथ प्रशासन ने भी शुरू कर दी
जासं, बलरामपुर :
विधानसभा चुनाव की तैयारी राजनीतिक दलों के साथ प्रशासन ने भी शुरू कर दी है। एक जनवरी 2022 तक 18 वर्ष पूरा करने या इससे अधिक आयु वर्ग वाले जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, उनके लिए एक नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलेगा। ऐसे लोग नए मतदाता बनने के लिए फार्म छह भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 1857 बूथ लेवल अधिकारी तैनात किए गए हैं। जो बूथ पर आने वाले लोगों का नाम शामिल करने, सूची में अंकित गलत नामों में सुधार, सत्यापन कर बोगस नाम सूची से हटवाने के लिए आवेदन फार्म प्राप्त करेंगे। जिले के चारों विधानसभा गैंसड़ी, तुलसीपुर, बलरामपुर व उतरौला के सभी बूथों पर अभियान चलेगा। एक जनवरी 2021 को प्रकाशित सूची में 1570717 मतदाता हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, इंजीनियर, राजस्व समेत अन्य विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अपर जिलाधिकारी राम अभिलाष ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्यक्रम में बढ़चढ़कर भाग लेने की अपील की।
विधानसभा - पुरूष - महिला - थर्ड जेंडर - कुल मतदाता
291 तुलसीपुर : 203841 - 169326 - 23 - 373190
292 गैंसड़ी : 193528 - 164483 - 21 - 358032
293 उतरौला : 233117 - 187875 - 17 - 421009
291 बलरामपुर : 230123- 188350 - 13 - 418486 .............
- बूथ लेबल अधिकारी 1857
- शिक्षक - 300, राजस्व कर्मी 38, इंजीनियर 51, स्वास्थ्य - 24, अन्य विभाग के 1444 कर्मी तैनात किए गए हैं। - मतदाता बनने के लिए जरूरी अभिलेख :
- फार्म छह के साथ पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, निवास पते से संबंधित साक्ष्य, जन्मतिथि प्रमाण की फोटो प्रति के साथ संबंधित तहसील के एसडीएम, तहसीलदार, मतदाता पंजीकरण केंद्र, अपने मतदेय स्थल अथवा बूथ लेबल अधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
..........
मतदान केंद्रों पर बूथ लेबल अधिकारी दावे आपत्ति लेंगे। सभी के पास फार्म छह, छह-ए, सात, आठ व आठ-क उपलब्ध रहेगा। अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। एक से 31 नवंबर तक संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य चलेगा। सभी केंद्रों पर निरीक्षण के लिए मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी।
- श्रुति, जिला निर्वाचन अधिकारी, बलरामपुर