Leopard Attack: बलरामपुर के बसंतपुर में तेंदुए के हमले में तीन घायल, गांव में फैली दहशत,
Leopard Attack यूपी के बलरामपुर जिले में तेंदुए के हमले से तीन लोग घायल हो गए वहीं पूरे गांव में दहशत फैल गई। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर में भर्ती कराया गया। जहां तीनों का इलाज चल रहा है।
बलरामपुर, जासं। सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग से सटे गांव बसंतपुर में तेंदुए के हमले में तीन ग्रामीण घायल हो गए। तेंदुआ खेत में बैठा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोतवाली जरवा और वन विभाग को दी। वन कर्मियों के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण उसे खदेड़ने के लिए शोर मचाने लगे। खदेड़ रहे ग्रामीणों पर तेंदुए ने हमला कर दिया।
तेंदुए के पंजे से सोनू यादव, लाला व फैजान घायल हो गए हैं। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। प्रधान सगीर अहमद ने बताया कि सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर में उपचार चल रहा है। वन क्षेत्राधिकारी जनकपुर अमरजीत ने बताया कि तेंदुए के हमले में तीन लोग घायल हुए है। तेंदुआ भी ग्रामीणों के हमले में घायल हो गया है। गांव के आसपास ही छिपा है।
उसे पकड़ने के लिए पिंजरा और जाल मंगाया गया है। ग्रामीणों को घटना स्थल से हटा दिया गया है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। जाल और पिंजरा लगा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। यदि पकड़ में आ गया तो तेंदुए का इलाज कर जंगल में छोड़ दिया जाएगा।