Move to Jagran APP

बदलाव की मिसाल हैं थारू महिलाएं पत्तों से संवर रही है महिलाओं की जिंदगी

थारू जनजाति कुदरत के साथ ताल मिलाते हुए सदियों से अपना अस्तित्व कायम रखे हुए है। इस निराशाजनक स्थिति में एक बार फिर प्रकृति ही इनके रक्षक के रूप में सामने आई।

By Sanjay PokhriyalEdited By: Published: Thu, 07 Mar 2019 11:42 AM (IST)Updated: Thu, 07 Mar 2019 11:42 AM (IST)
बदलाव की मिसाल हैं थारू महिलाएं पत्तों से संवर रही है महिलाओं की जिंदगी
बदलाव की मिसाल हैं थारू महिलाएं पत्तों से संवर रही है महिलाओं की जिंदगी

रमन मिश्र, बलरामपुर। थर्माकोल और प्लास्टिक के कप-प्लेटों पर प्रतिबंध लगने के बाद बाजार में पत्तों के बने दोने-पत्तलों की मांग बढ़ी तो थारू जाति की महिलाओं ने इसे अवसर के रूप में लिया और अपनी आजीविका का साधन बना लिया। जो प्रकृति से जुड़े रहते हैं प्रकृति भी उन्हें कभी नहीं छोड़ती। थारू जनजाति कुदरत के साथ ताल मिलाते हुए सदियों से अपना अस्तित्व कायम रखे हुए है। पूरी तरह से प्रकृति पर निर्भर इस जनजाति के आय के साधन-संसाधन भी प्राकृतिक ही रहे हैं। विकास के अंधड़ ने धीरे- धीरे इनके आय के स्नोत समेट दिए और एकएक कर रोजगार इनके हाथ से निकलते चले गए। इस निराशाजनक स्थिति में एक बार फिर प्रकृति ही इनके रक्षक के रूप में सामने आई।

loksabha election banner

महुराइन प्रजाति के पत्तों से बने दोना- पत्तल की मांग बढ़ी तो पचपेड़वा क्षेत्र के जंगलवर्ती गांव फोगही की थारू महिलाओं ने इसमें अपने लिए रोजगार तलाश लिया। जंगल से पत्ते तोड़कर उसे हाथों से मनचाहा आकार देती हैं। इस काम में पुरुष भी उनका हाथ बंटाते हैं। उनके द्वारा तैयार किए गए दोनों-पत्तलों की बनावट व हरापन बाजार में बिकने वाले रेडीमेड दोना-पत्तल को मात दे रहे हैं। आसपास के बाजारों में थारू पत्तल की मांग अधिक है। इससे महिलाओं की अच्छी आमदनी भी होती है। भारत-नेपाल की सीमा पर बसे फोगही गांव में 105 थारू परिवार गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन कर रहे हैं।

पेड़ के पत्ते से दोना पत्तल बनाने का इनका पुश्तैनी धंधा थर्माकोल के बढ़ते चलन से विलुप्त होने की कगार पर पहुंच गया था। अब इस पर प्रतिबंध होने के बाद थारू महिलाओं ने एक बार फिर एकजुट होकर यह धंधा शुरू कर दिया है। इसके लिए दस किलोमीटर जंगल के दुर्गम रास्तों से होकर पहाड़ पर जाती हैं। जहां महुराइन प्रजाति के पेड़ के पत्ते तोड़कर उनसे दोना, पत्तल, टेपरा, टिवरी, छतरी, बिस्तुर व खोली तैयार करती हैं। महुराइन के पत्ते लतादार होने से उन्हें मनचाहा आकार दिया जाता है। साथ ही पेड़ की छाल से रस्सी बनाई जाती है, जो काफी मजबूत होती है।

फोगही निवासी राकेश थारू के घर में सूरसती देवी, बरसाती देवी, सुघमानी, पुष्पा देवी, सुनरमती, जनकदुलारी समेत कई महिलाएं समूह में दोना-पत्तल बनाने का काम करती हैं। इन पत्तलों को बढ़ईपुरवा, पचपेड़वा, विशुनपुर टनटनवा, गनेशपुर व भोजपुर के हाट-बाजारों में दुकानदारों को आपूर्ति किया जाता है। 30 पत्तल की एक गड्डी पांच रुपये व 40 दोने की गड्डी चार रुपये में बिकती है। प्रत्येक महिला अपने हुनर के दम पर रोजाना 100 से 150 रुपये का मुनाफा कमा रही हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.