पांच चुनावों पर तय होगा आरक्षण, दावेदारों की बढ़ी धड़कन
दावेदार वार्ड व गांवों के आरक्षण को लेकर लगा रहे चक्कर मतदाता सूची का प्रकाशन आज
बलरामपुर : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। गांवों में दावेदारों की सक्रियता से आरक्षण की अटकलों पर चर्चा तेज है। 22 जनवरी को मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद किसी भी दिन आरक्षण की प्रक्रिया शुरू करने का फरमान जारी होने की संभावना को देखते हुए दावेदारों ने जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय का चक्कर बढ़ा दिया है। शासन को 1995 से लेकर 2015 के चुनावों का आरक्षण का विवरण ऑनलाइन भेजा गया है। पांच चुनावों के आधार पर ही इस बार भी आरक्षण तय होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
जिले में 800 ग्राम पंचायतें हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य 927 व जिला पंचायत सदस्य के 40 वार्ड हैं। इन वार्डो से चुनाव लड़ने वाले दावेदार आरक्षण को लेकर परेशान हैं। शंका सता रही है कि आरक्षित होने पर वे अपनी किस्मत कहां अजमाएंगे। इसलिए ग्रामीणों से मुलाकात करने वाले वर्तमान व पिछले आरक्षण पर चर्चा करना नहीं भूलते हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से 2011 जनगणना व रैपिड सर्वे का विवरण पहले ही भेजा जा चुका है। हाल ही में पंचायत चुनाव 1995, 2000, 2005, 2010 व 2015 के चुनाव में कौन सा गांव व वार्ड किस वर्ग के लिए आरक्षित था, इसका विवरण वर्गवार ऑनलाइन फीड किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी नीलेश प्रताप सिंह का कहना है कि आरक्षण को लेकर मांगी गई सूचनाएं भेज दी गई हैं। आरक्षण की गाइडलाइन का अभी इंतजार है।
मतदाता सूची तैयार :
-सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन शुक्रवार को किया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाश में नौ ब्लॉकों में 16 लाख 25 हजार 522 मतदाता थे। दावा आपत्तियों के निस्तारण के बाद सूची का प्रकाशन किया जा रहा है। 2015 में 14 लाख 78 हजार 743 वोटर थे।