अवैध शराब के खिलाफ अभियान में पुलिस ने दो को दबोचा
अवैध शराब निर्माण व तस्करी पर पुलिस की नजर टेढ़ी हो गई है।
संवादसूत्र, बलरामपुर :
अवैध शराब निर्माण व तस्करी पर पुलिस की नजर टेढ़ी हो गई है। शुक्रवार को चलाए गए अभियान में नगर कोतवाली की पुलिस ने महेश कुमार निवासी ग्राम नेवसा सिरिया को गिरफ्तार किया। उसके पास 16 शीशी अंग्रेजी शराब, 63 शीशी देशी शराब व पांच केन बियर बरामद की गई। उधर श्रीदत्तगंज थाना प्रभारी विपुल पांडेय ने 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ पिटू सिंह निवासी खम्हरिया घाट को पकड़ा है।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि नगर कोतवाल संजय दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त महेश कुमार को शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे शराब की पेटियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास आठ शीशी रायल स्टेग, आठ शीशी इंपीरियल ब्लू (प्रति शीशी 180 मिली), पांच केन बियर, देशी शराब 49 शीशी ब्लू लाइम व 14 शीशी लार्ड्स-888 बरामद हुई।
साइबर क्राइम से लोगों को बचाने को पुलिस ने छेड़ी मुहिम
संवादसूत्र, बलरामपुर :
साइबर अपराधियों का जाल दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। आमजन को साइबर अपराध से बचाने के लिए पुलिस ने जन जागरुकता कार्यक्रम शुरू किया है। साइबर सेल के कर्मियों ने शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को ठगी से बचने के लिए पर्चा बांटे। ठगी का शिकार होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने व सभी थानों पर साइबर हेल्प डेस्क की उपलब्धता की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना के निर्देशन में पुलिसकर्मियों ने नगर के प्रतिष्ठित संस्थाओं, दुकानों, चौराहों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पंफ्लेट बांटे। टीम ने लोगों को साइबर क्राइम हेल्प लाइन नंबर 155260, 1930 व राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.साइबरक्राइम.जीओवी.आइएन के बारे में बताया। साथ ही उन्हें इंटरनेट मीडिया क्राइम, इंटरनेट मीडिया प्राइवेसी, फ्राड आदि के बारे में जानकारी दी।