कोरोना से आठवीं मौत, 13 और पॉजिटिव
नगर में आया सहित तीन पॉजिटिव 113 एक्टिव केस
बलरामपुर : कोरोना संक्रमण का खतरा दिनोंदिन भयावह होता जा रहा है। शुक्रवार की सुबह कोरोना से आठवीं मौत हो गई। कुछ दिन पहले जांच में पॉजिटिव निकली उतरौला के अल्लानगर निवासिनी एक महिला की मौत मेयो अस्पताल बाराबंकी में हुई। दूसरी तरफ संक्रमण को रोकने के लिए हो रही जांच में नगर के विभिन्न घरों में कार्य करने वाली गदुरहवा निवासिनी एक आया सहित मोतीासागर व कालीथान मुहल्ले में एक-एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। इसके पूर्व गुरुवार की रात में उतरौला क्षेत्र में दस पॉजिटिव मिले। उतरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश ने बताया कि आर्यनगर में एक, सुभाषनगर में चार व गांधी नगर में पांच सहित दस संक्रमित मिले हैं।
कोविड-19 के नोडल अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.एके सिघल ने बताया कि संक्रमित महिला की किडनी व अन्य बीमारियों से ग्रस्ति थी, उसे मेयो अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान शु्क्रवार को उसकी मृत्यु हो गई। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि अब तक 274 पॉजिटिव मिल चुके है। जिनमें आठ की मौत गई। 153 स्वस्थ होकर घर चले गए है। वर्तमान में 113 एक्टिव केस हैं। 22 ने दी कोरोना को मात :
- संक्रमण का खतरा बढ़ने के साथ ही स्वस्थ होने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। एल-1 हास्पिटल के नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार को 17 मरीज स्वस्थ हुए। इसके पूर्व गुरुवार की देर शाम पांच मरीज स्वस्थ हुए जिन्हें घर भेज दिया गया। लिए गए 853 सैंपल
-कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लगातार सैंपलिग की जा रही है। शुक्रवार को 853 सैंपल लिए गए। जिला सर्विलांस सेल प्रभारी डॉ.श्याम जी ने बताया कि अब तक 21469 सैंपल लिए जा चुके हैं। जिसमें 274 नमूने पॉजिटिव व 19173 नमूने निगेटिव आए हैं। 2114 नमूनों की रिपोर्ट नहीं आई है।