'नो योर पुलिस' का आगाज, बेटियां जानेंगी खाकी का अंदाज
थानों में छात्राओं को बुलाकर बताए जाएंगे पुलिसिग के गुर हेल्पलाइन नंबरों से होंगी रूबरू
बलरामपुर :अपने नित नवीन कार्यशैली को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाली बलरामपुर पुलिस अब एक नई पहल करने जा रही है। मिशन शक्ति के साथ ही कक्षा नौ से 12 तक स्कूल खुल गए हैं। ऐसे में मिशन को धार देने के लिए छात्राओं को थाने पर आमंत्रित किया जाएगा। यहां उन्हें पुलिस की कार्य प्रणाली व संसाधनों से रूबरू कराया जाएगा। 'नो योर पुलिस' कार्यक्रम के तहत छात्राओं को महिला अपराध, कानून व उसके लिए निर्धारित सजा के बारे में जानकारी दी जाएगी। हेल्पलाइन नंबर 112, 1090 पर मिलने वाली त्वरित सहायता को समझाया जाएगा। इस पहल से बेटियों को एहसास दिलाया जाएगा कि पुलिस हर समस्या में उनके साथ है। ..ताकि मित्र पुलिस की मदद लें बेटियां :
-वैश्विक महामारी के कारण छह माह से स्कूलों के ताले बंद चल रहे थे। 25 मार्च से संपूर्ण लॉकडाउन होने पर जब लोग घरों में सिमटे, तो अपराध का ग्राफ भी कम हुआ था। अनलॉक के बाद ढील मिलने पर बेटियां व महिलाएं एक बार फिर खुली हवा में सांस लेने निकलीं, तो उनकी सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गए। लोकलाज के कारण ज्यादातर महिलाएं व बेटियां मनचलों की हरकत को छुपा लेतीं हैं। इससे न सिर्फ शोहदों का मन बढ़ता है, बल्कि कई बार वह अप्रिय घटनाओं को अंजाम देने में नहीं हिचकते। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए अब पुलिस छात्राओं को थाने बुलाकर हमेशा उनके साथ रहने का भरोसा दिलाएगी। ताकि छात्राएं विपरीत परिस्थितियों में अपनी मित्र पुलिस को कॉल करके उनकी मदद ले सकें।
पुलिस से रूबरू होंगी बेटियां :
-पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा का कहना है कि बेटियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नो योर पुलिस कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों में सभी स्कूलों की छात्राओं को शिक्षकों के साथ आमंत्रित किया जाएगा। यहां प्रभारी निरीक्षक, महिला व पुलिस उपनिरीक्षक एवं आरक्षी पुलिस की कार्यशैली से रूबरू कराकर हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक करेंगी।