अजीबोगरीब: शॉपिंग पर जाने से पहले पति ने खाया गुटखा तो गुस्साई पत्नी ने लगा लिया फांसी का फंदा
पति ने बताया कि शाम को हम दोनों को बाजार जाना था। दोनों तैयार होकर घर से निकल रहे थे कि उसी दौरान मैंने एक गुटखा खा लिया। यह देखते ही पत्नी आग-बबूला हो गई। इसके बाद उसने फंदा लगा लिया।
बलरामपुर, जागरण टीम: रकबा जलालपुर में शनिवार को एक ऐसी घटना हुई, जिसे सुन हर कोई हैरत में पड़ गया। पति को गुटखा खाना पत्नी को नागवार गुजरा तो उसने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन समय रहते उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अहरौला के रकबा जलालपुर निवासी डिंपल को पति रोशन का गुटखा व पान मसाला खाना पसंद नहीं है। इसको लेकर आए दिन दोनों में विवाद होता रहता था। पति ने बताया कि शाम को हम दोनों को बाजार जाना था। दोनों तैयार होकर घर से निकल रहे थे कि उसी दौरान मैंने एक गुटखा खा लिया। यह देखते ही पत्नी आग-बबूला हो गई।
उसके बाद हम दोनों में विवाद शुरू हो गया, तो मुझे घर वाले हटाकर बाहर कर दिए। पत्नी नाराज होकर अंदर कमरे में गई, लेकिन बाहर नहीं आयी। किसी कार्यवश मां अंदर गई तो देखा कि दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक रही है। मां की चीख सुन परिवार के लोग पहुंचे और उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।