युवक की हत्या कर जंगल में फेंका शव, चार पर मुकदमा
पूर्व प्रधान के खिलाफ शिकायत करता था मृतक रंजिश में हत्या का आरोप
बलरामपुर : देहात कोतवाली क्षेत्र के बालपुर गांव निवासी मंगलदेव यादव की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया। सोमवार की दोपहर कुआंनो जंगल में उसका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। उसके सिर पर चोट के निशान हैं। मृतक के पिता गौरीशंकर की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि मंगलदेव का पुत्र गांव में ही पान की गुमटी लगता है। रविवार की शाम मंगलदेव हासडीह शंकरपुर गांव निवासी संतोष मौर्य के साथ घर से निकला था। बेटे की दुकान से होकर वह घर के लिए चला था। उसके बाद रात भर घर नहीं लौटा। परिवारजन ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता न चल सका। सोमवार को दोपहर बाद कुआंनो जंगल में उसका शव पड़ा मिलने की सूचना मिलते ही परिवाजन दौड़ पड़े। मंगलदेव के सिर पर चोट के निशान देखकर परिवारजन ने हत्या की आशंका जाहिर की।
मृतक के पिता का कहना है कि मंगलदेव पूर्व प्रधान संजीव कुमार सिंह उर्फ मुन्ना के खिलाफ शिकायत करता रहता था। इससे पूर्व प्रधान व उसके साथी उससे रंजिश रखते थे। रंजिश के कारण ही उसकी हत्या की गई है। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर यादव ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर संतोष मौर्य, पूर्व प्रधान संजीव सिंह, अजीमुल्ला व रब्बू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही मामले का राजफाश कर दिया जाएगा।