कोरेाना वायरस भगाने के लिए भाजपा महिला जिलाध्यक्ष ने कर दी फायरिंग, अब केस दर्ज UP News
CoronaVirus in UP घर में दीपक जलाने के बाद महिला जिला अध्यक्ष मंजू तिवारी ने अपने पति ओमप्रकाश तिवारी की लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर घर की छत पर निकल आई।
बलरामपुर, जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण के खिलाफ जंग के लिए सभी से एकजुट होने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश ने एक साथ मिलकर नौ मिनट तक दीपक, टॉर्च, मोमबत्ती के साथ मोबाइल की टॉर्च जलाकर दिवाली मनाई। इसी दौरान बलरामपुर में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चार कदम आगे बढ़ गईं। उन्होंने रिवाल्वर से हवाई फायर किया। इतना ही नहीं इसका वीडियो भी उन्होंने अपने फेसबुक (अब हटा दिया है) पर लोड कर दिया। अब वह बड़ी मुश्किल में फंस गई हैं। माफी मांगने के बाद भी एसपी ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है। भारतीय जनता पार्टी की नेता के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
बलरामपुर जिला में भी प्रधानमंत्री के इस अपील का व्यापक असर देखने को मिला। रात नौ बजे के बाद लोग अपने घरों की लाइट बंद कर दीपक और मोमबत्ती से रोशनी कर रहे थे। भाजपा की महिला जिलाअध्यक्ष मंजू तिवारी अपने कोतवाली नगर क्षेत्र के मुहल्ला मोतीसागर स्थित आवास के छत पर प्रधानमंत्री के इस आह्वान पर दीपक जलाने को लेकर अति उत्साहित दिखी। घर में दीपक जलाने के बाद महिला जिला अध्यक्ष मंजू तिवारी ने अपने पति ओमप्रकाश तिवारी की लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर घर की छत पर निकल आई और कोरोना वायरस भगाने के लिए हवाई फायरिंग करने लगी।
हवाई फायरिंग करते हुए उन्होंने वीडियो भी बनवाया और इसे अपनी फेसबुक पर अपलोड भी कर दिया। वीडियो अपलोड करते हुए उन्होंने फेसबुक आईडी पर लिखा कि आज दीप जलाने के बाद कोरोना वायरस को भगाते हुए। इस प्रकरण पर एसपी देवरंजन वर्मा का कहना है कि गैर जिम्मेदाराना मामला है। वर्मा ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर आरोपी महिला के विरुद्ध नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय राय द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच की जा रही।
मुसीबत में फंसी मंजू तिवारी
कोरोना वायरस को भगाने के लिए बलरामपुर की भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने हवाई फायरिंग करते हुए वीडियो अपने फेसबुक आईडी पर अपलोड कर मुसीबत में फंस गई हैं। उसकी फेसबुक पर अपलोड वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मंजू तिवारी अपने घर की छत पर रिवाल्वर से फायरिंग कर रही हैं।
भाजपा महिला जिलाअध्यक्ष मंजू तिवारी भी प्रधानमंत्री के इस आह्वान पर अति उत्साहित दिखीं। घर में दीपक जलाने के बाद बीजेपी की महिला जिला अध्यक्ष मंजू तिवारी ने अपने पति ओमप्रकाश तिवारी की लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर घर के बाहर निकल आई और कोरोना वायरस भगाने के लिए हवाई फायरिंग करने लगीं। हवाई फायरिंग करते हुए उन्होंने वीडियो भी बनवाया और इसे अपनी फेसबुक आईडी पर अपलोड भी कर दिया। वीडियो अपलोड करते हुए उन्होंने फेसबुक आईडी पर लिखा कि आज दीप जलाने के बाद कोरोना वायरस को भगाते हुए।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में 5 अप्रैल की रात नौ बजे के बाद घर की लाइट बंद कर दीपक, मोमबत्ती व अन्य माध्यमों से रोशनी फैलाकर कोरोना वायरस से लडऩे के लिए एक जुटता का प्रदर्शन किया गया था।
गैंसड़ी विधायक ने महिलाओं को किया सम्मानित
बलरामपुर में 11 मार्च को गैंसड़ी विधायक शैलेश सिंह शैलू ने भाजपा जिलाध्यक्ष मंजू तिवारी के कार्यक्रम में महिलाओं को सम्मानित किया था। भाजपा विधायक शैलेश सिंह शैलू ने महिलाओं को शाल व घड़ी देकर सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह से गंभीर है। अपराध में बेहद कमी आई है।
महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए सरकारी कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। जिसका सीधा फायदा महिलाओं को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए गांव-गांव समूह बनाए जा रहे हैं। समूह के जरिए महिलाएं सशक्त हो रही हैं। महिला भाजपा जिलाध्यक्ष मंजू तिवारी ने भी पूर्व चेयरमैन कुसुम चौहान, रीता देवी, रीना, ऊषा सिंह, सुमन जायसवाल, नीलम पांडेय, अनीता चौधरी समेत इस कार्यक्रम को संबोधित किया था।