मां के द्वारे CM: योगी ने शक्तिपीठ देवी पाटन में की मां की आराधना, महिला सशक्तिकरण रैली को दिखाई हरी झंडी
सीएम ने शक्तिपीठ देवी पाटन मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मां की पूजा अर्चना की। इसी के साथ बलरामपुर से चलकर ललितपुर और शक्तिपीठ विंध्यवासिनी मंदिर से चलकर गौतमबुद्ध नगर में 29 मार्च को समाप्त होने वाली रैली को हरी झंडी भी दिखाई।
बलरामपुर, जासं। शक्तिपीठ देवी पाटन मंदिर में मां की आराधना कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सशक्तिकरण रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना कर आधी आबादी की सुरक्षा का संकल्प लिया। नवरात्र और देवी पाटन का महात्म भी बताया। कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से नव संवत्सर प्रारंभ होता है। सीएम ने कहा कि नवरात्र नारी शक्ति में जोश और उत्साह भरने का पर्व है। इस अवसर पर नारी के सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से महिला सशक्तिकरण रैली की शुरुआत की जा रही है, जो बलरामपुर से चलकर ललितपुर तक जाएगी, तथा दूसरी रैली शक्तिपीठ विंध्यवासिनी मंदिर से चलकर गौतमबुद्ध नगर तक जाएगी।
इस रैली का समापन 29 मार्च को होगा। प्रत्येक दिन स्कूटी पर महिला सिपाही और अधिकारी 80 से 120 किमी तक यात्रा करेंगी। प्रत्येक जिले में नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के मुद्दे पर कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को जागरूक करते हुए रैली आगे बढ़ेगी। कहा कि वर्ष 2020 में मिशन शक्ति की शुरुआत भी बलरामपुर से किया था। तब भी मैं बलरामपुर आया था और नवरात्र के प्रथम दिन बलरामपुर से इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया था।
मुझे प्रसन्नता है कि मिशन शक्ति कार्यक्रम उत्तर प्रदेश सरकार ने जो चलाया वह एक मिसाल बनी। इस कार्यक्रम को कई राज्यों में भी मान्यता मिली। कहा कि यह शक्तिपीठ मां सती से जुड़ा हुआ है, जो दक्ष प्रजापति के यज्ञ विध्वंस के दौरान उनके शव को कंधे पर रखकर तीनों लोकों के स्वामी भगवान शंकर के आक्रोश को देख, भगवान विष्णु ने अपने सुदर्शन चक्र से मां के शरीर के टुकड़े कर दिए थे। यहां पर देवी मां का बांया कंधा वस्त्र सहित गिरा था जो शक्तिपीठ कहलाया। शक्तिपीठ नारी शक्ति के स्वावलंबन का पीठ है।
आदिशक्ति की पूजा नारी के सम्मान को प्रदर्शित करता है। रैली रवाना करने के साथ ही मुख्यमंत्री अपने काफिले के साथ भवनियापुर में स्थित हेलीपैड हेलीकाप्टर से लखनऊ रवाना हो गए। इस मौके पर तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, सदर विधायक पल्टूराम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, मंडलायुक्त एमके अग्रवाल, डीआइजी एपी सिंह, जिलाधिकारी डा. महेंद्र कुमार, एसपी केशव कुमार मौजूद रहे।
सीएम ने देवी मां की उतारी आरती
मेला की समीक्षा करने दो दिवसीय दौरे पर देवी पाटन मंदिर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह देवी मां की पूजा अर्चना की। गर्भगृह में दुर्गा सप्तशती पाठ कर आरती उतारी। इसके बाद गोशाला में गायों को हरा चारा और गुड खिलाकर दुलार किया। मंदिर में मुंडन कराएं बैठे बच्चे को पास बुलाकर चाकलेट खिलाकर आशीर्वाद दिया।