उत्तर प्रदेश में निकल गई गठबंधन की हवा : योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कल राज्यसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद से लगा कि यहां पर अब सपा-बसपा गठबंधन की हवा निकल गई।
बलरामपुर (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के नौ राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद प्रसन्न हैं। उनकी खुशी आज यहां पर प्रदेश में भाजपा के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में छलक गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बलरामपुर के तुलसी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के बाद जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कल राज्यसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद से लगा कि यहां पर अब सपा-बसपा गठबंधन की हवा निकल गई। उन्होंने कहा कि लगता है कि 93 की गेस्ट हाउस की घटना ताजा हो गई है।
उन्होंने कहा कि पाटेश्वरी धाम व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की कर्मभूमि से मेरा विशेष लगाव रहा है। मैं यहां के लोगों का अभिनंदन करता हूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में जनता के सहयोग से जनप्रिय सरकार चल रही है। प्रदेश में 15 वर्ष की जर्जर सड़कों को हटाकर नई सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के गांवों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के एक वर्ष तथा केंद्र सरकार के पौने चार वर्ष के कार्यकाल में इतनी प्रगति हुई है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा रही थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 35 करोड़ बैंक खाते खोले गए हैं। यूपी के 65 लाख गरीबों को उज्जवला गैस का कनेक्शन दिया गया। आम जनता को बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दो अप्रैल से स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी तो केवल लेना जानती हैं देना नहीं।