जांच नहीं कर रहे अफसर, आंच का नहीं डर
बलरामपुर : नगर में बिना लाइसेंस चल रही आइस्क्रीम फैक्ट्रियों पर कार्रवाई करने से जिम्मेदार
बलरामपुर : नगर में बिना लाइसेंस चल रही आइस्क्रीम फैक्ट्रियों पर कार्रवाई करने से जिम्मेदार कतरा रहे हैं। आइस्क्रीम के नाम पर लोगों को जहर परोसने का धंधा धड़ल्ले से जारी है। गर्मी में बच्चों को शीतल पदार्थ खिलाने के नाम पर उनकी सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है लेकिन, प्रशासन की नींद टूटने का नाम नहीं ले रही है। सूत्रों की मानें तो खाद्य विभाग के अफसरों की मिलीभगत से फैक्ट्री संचालकों को किसी भी कार्रवाई का भय नहीं है। जिससे उनका कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है।
नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित अधिकांश आइस्क्रीम फैक्ट्री संचालकों के पास लाइसेंस नहीं है। यहां बनने वाली आइस्क्रीमों में रंग, दूषित पानी समेत अन्य रासायनिक पदार्थ मिलाए जाते हैं। जिसे खाकर बच्चों में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ जाती है। नियमत: आइस्क्रीम फैक्ट्री लगाने के लिए पहले आवेदन कर लाइसेंस प्राप्त करना होता है। इसके बाद यहां बनने वाले उत्पादों की जांच की जाती है। उत्पाद गुणवत्तापूर्ण न मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है। बावजूद इसके जिम्मेदारों ने धरातल पर उतरना मुनासिब नहीं समझा। जिससे इस गोरखधंधे पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। मुख्य खाद्य अधिकारी सुशील कुमार मिश्र का कहना है कि अभियान चलाकर जांच की जाएगी। गुणवत्ता ठीक न मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।