बलरामपुर में 19 सितंबर को होगी भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा, पर्यवेक्षकों को मिली ट्रेनिंग
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के लिए बलरामपुर के तुलसीपुर में पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा हेतु तुलसीपुर में पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण मिला।
यह परीक्षा 19 सितंबर को पूरे प्रदेश में एक साथ होगी।
बलरामपुर जिले के 11 हजार छात्र परीक्षा में भाग लेंगे।
संवादसूत्र, तुलसीपुर (बलरामपुर)। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा को लेकर गायत्री शक्ति पीठ तुलसीपुर के साधना हाल में पर्यवेक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें तुलसीपुर क्षेत्र के 73 विद्यालयों में परीक्षा संपन्न कराने के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के जिला प्रभारी गुलाब चंद्र भारती ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा पूरे प्रदेश में 19 सितंबर, शनिवार को एक साथ आयोजित होगी।
सभी पर्यवेक्षकों को परीक्षा सामग्री के साथ निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर समय से मिशनरी गणवेश में उपस्थित होना होगा। परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में विद्यालय के शिक्षकों के साथ पर्यवेक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा वर्ष 1994 में शुरू हुई थी और आज यह विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुकी है। इस वर्ष बलरामपुर जिले के लगभग 150 विद्यालयों के 11 हजार बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे।
ओएमआर शीट भरने के संबंध में राजकुमार जायसवाल ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओएमआर शीट गलत ढंग से भरने पर परीक्षार्थी को सही प्रमाणपत्र प्राप्त नहीं हो सकेगा। इसलिए पर्यवेक्षक परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचकर विद्यार्थियों को ओएमआर भरने के संबंध में उचित मार्गदर्शन दें।
कार्यशाला में ट्रस्टी प्रदीप कुमार गोयल, कन्हैयालाल वर्मा, परिव्राजक राम भारती गोस्वामी, महिला मंडल की सक्रिय सदस्य सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहें।
