राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राखी बांधेंगी बलरामपुर की चार छात्राएं, राष्ट्रपति भवन से मिला विशेष निमंत्रण
बलरामपुर की चार मेधावी छात्राएं 28 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को राखी बांधेंगी, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रपति भवन से विशेष निमंत्रण मिला है।

HighLights
बलरामपुर की चार छात्राएं बांधेंगी राष्ट्रपति को राखी।
राष्ट्रपति भवन से मिला है विशेष निमंत्रण।
26 अगस्त को गोरखनाथ मंदिर के दर्शन कर जाएंगी दिल्ली।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल की चार मेधावी छात्राओं के लिए इस बार का रक्षाबंधन पर्व यादगार बनने जा रहा है। विद्यालय की छात्राएं राष्ट्रपति भवन से मिले विशेष निमंत्रण पर 28 अगस्त को नई दिल्ली पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को रक्षासूत्र बांधेंगी और उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगी। राष्ट्रपति से मिलने वाली छात्राओं में कक्षा 12 की प्रगति पाठक, कक्षा 10 की हर्षिता यादव, कक्षा 12 की प्रस्तुति गुप्ता और कक्षा नौ की अनुष्का पांडेय शामिल हैं।
छात्राओं के दिल्ली रवाना होने से पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. डीपी सिंह और अध्यापिका अनीता गुप्ता के साथ उन्होंने शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचकर महांत मिथिलेश नाथ योगी से भेंट की। छात्राओं ने मां पाटेश्वरी का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
राष्ट्रपति भवन जाने से पहले 26 अगस्त को छात्राओं का दल गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर पहुंचेगा। यहां महायोगी गुरु गोरखनाथ का पूजन-अर्चन करने के बाद छात्राएं दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय की छात्राओं को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति को राखी बांधने का अवसर मिलने से पूरे क्षेत्र में उत्साह है। विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने छात्राओं को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानाचार्य ने कहा कि राष्ट्रपति भवन से मिला यह निमंत्रण विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव और ऐतिहासिक उपलब्धि है। छात्राओं की इस उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
भाइयों की कलाई पर बांधने को प्यार, डाकघर में लग रही कतार
बलरामपुर: रक्षाबंधन पर भाई-बहन के पवित्र, स्नेह और विश्वास के रिश्ते के पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने राखियों की समय पर डिलीवरी के लिए विशेष व्यवस्था शुरू की है।
डाक विभाग की ओर से ‘राखी मेल’ के नाम से विशेष लिफाफा जारी किया गया है, जिसके माध्यम से देशभर के साथ-साथ विदेशों में भी राखियों का शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर वितरण किया जा रहा है।
स्पीड पोस्ट से राखी भेजने पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। रक्षाबंधन को लेकर बहनों और भाइयों में उत्साह है। राखी भेजने के लिए डाकघर में बहनों की कतार लग रही है।
यह भी पढ़ें- पटियाला के इस शिक्षक ने किया कमाल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित; शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने दी बधाई
