बिजली बिल न जमा करने वाले गांवों की बनाई जा रही लिस्ट, घर-घर वसूली करने पहुंचेंगे अधिकारी
बलरामपुर में 200 से अधिक ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि से लो-वोल्टेज की समस्या दूर हुई है। बिजली विभाग ने अब ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
200 से अधिक ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि से लो-वोल्टेज खत्म।
बिजली बिल वसूली में सख्ती, बकाएदार गांवों की सूची तैयार।
मरम्मत के लिए बलरामपुर में 1 से 3 सितंबर तक बिजली कटौती।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। बिजली आपूर्ति में सुधार को लेकर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और जर्जर तारों व खंभों को बदलने का काम चल रहा है। लोगों को भरपूर बिजली मिले, इसके लिए बिजनेस प्लान से सुधार के काम कराए जा रहे हैं।
इसमें तुलसीपुर, उतरौला और बलरामपुर डिविजन शामिल है। जिन मुहल्लों में ट्रांसफार्मर लोड के कारण हाफ रहे थे। वहां अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाकर लोड बांटा गया है। इससे लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिली है।
बिजली सुधार के साथ बिल की वसूली को लेकर विभाग ने सख्ती करने की योजना बनाई है। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने बताया कि दो सौ से अधिक ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि से लो-वोल्टेज की समस्या अधिकांश स्थानों की खत्म हो गई है।
बताया कि ऐसे गांवों की सूची तैयार की गई है जो बिजली तो भरपूर उपभोग कर रहे हैं, लेकिन बिल नहीं जमा करते। ऐसे गांवों को चिह्नित करके सूची तैयार कराई जा रही है। कई गांवों में 50 कनेक्शन है, लेकिन बिजली बिल सिर्फ दो उपभोक्ता जमा करते हैं। ऐसे गांवों में बिल वसूली को लेकर सख्ती की जाएगी।
20 गांव को 13 घंटे नहीं मिली बिजली
तुलसीपुर बिजली उपकेंद्र के हरैया फीडर की आपूर्ति बाधित रही। इससे क्षेत्र के बदलपुर, उदईपुर, छतुवापुर, दुदुरा, खैरी, खैरा केवलपुरबडवा, कोहरौडा, अलाहडीह, प्रेमनगर, मदरहवा, लालनगर सिपहिया, जुम्मनडीह, महादेव जमुनी सहित 20 गांव की करीब 13 घंटे बिजली ठप रही। गांव में बिजली गुल होने से लोग परेशान रहे।
उपभोक्ता अजीज, अल्फ़ाज़, प्रभुदयाल, मेहीलाल, अशोक कुमार, झब्बू ने कहा कि जरा सी हवा चलने पर भी बिजली काट दी जाती है। फोन करने पर भी कोई अधिकारी या कर्मचारी ध्यान नहीं देते हैं।
रविवार रात 11बजे से सोमवार दोपहर एक बजे तक बिजली बाधित रही। जेई दयाराम ने बताया कि लोकल फाल्ट की वजह से हरैया फीडर की आपूर्ति बंद थी। मरम्मत कराया गया।
जिला मुख्यालय के तीन उपकेंद्रों की बंद रहेगी चार घंटे बिजली
बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए प्रस्तावित कार्यों को लेकर तीन दिन में अलग-अलग फीडरों की आपूर्ति बंद की जाएगी। अधिशासी अभियंता पवन कुमार राय ने बताया कि पूरबटोला उपकेंद्र में प्रस्तावित मरम्मत कार्य के लिए एक सितंबर को सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
इससे पूरबटोला, खलवा, झंझरा, सिटी पैलेस, कालीथान चौराहा, डीएवी इंटर कालेज, नई बस्ती, मेजर चौराहा, चूड़ी बाजार, बड़ापुर, ठठेरी बाजार, चौक उत्तरलाइन, बड़ी इमली, चुंगीनाका, भंडारखाना, मेवालाल तालाब अन्य मुहल्लों की आपूर्ति बंद रहेगी।
इसी तरह सिविल लाइन फीडर की एक व दो सितंबर को सुबह 10 से दो बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। इससे नगर के पीपल तिराहा, सरयू नहर कालोनी रोड, दीक्षित कालोनी, माया होटल, बरमबाबा थान, त्रिपाठी लाज, होटल जय पैलेस, नीलकोठी, अचलापुर व दूरदर्शन केंद्र मार्ग की आपूर्ति बंद रहेगी।
इंडस्ट्रियल व जिलाधिकारी आवास फीडर की बिजली एक, दो व तीन सितंबर को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक बंद रहेगी। इससे औद्योगिक क्षेत्र धर्मपुर, जिलाधिकारी आवास, पुलिस लाइन, जिला जज आवास, पुलिस अधीक्षक आवास, फुलवरिया बाइपास, बहादुरापुर कालोनी शामिल है।
