Balrampur News: नगरपालिका में इन गांवों को शामिल किए जाने की मांग, सीमा विस्तार की रणनीति से चढ़ेगा सियासी पारा
नगर विकास मंत्री एके शर्मा से सदर विधायक पलटूराम समाजेवी डा. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू व भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह ने मुलाकात कर सीमा विस्तार का मांग पत्र दिया। बताया कि सीमा विस्तार की पत्रावली शासन स्तर पर कई महीनों से लंबित है।
बलरामपुर, जागरण संवाददाता। नगर निकाय चुनाव नवंबर से दिसंबर के बीच होने की संभावना को देखते हुए भाजपाइयों के सीमा विस्तार की रणनीति से सियासत का पारा चढ़ेगा। नगर पालिका परिषद बलरामपुर का सीमा विस्तार करने के लिए चेयरमैन पद की दावेदारी करने वालों ने ज्ञापन देकर नई बहस छेड़ दी है।
नगर विकास मंत्री से मुलाकात कर नगर पालिका परिषद में राजस्व ग्राम कलवारी, विशुनीपुर, विशुनापुर, सिरसिया, महादेव मिश्र, धुसाह, सेखुईकला, कोयलिहा व बलरामपुर देहात को शामिल करने का मांग पत्र भाजपाइयों ने दिया है।
भाजपा को राजनीतिक रूप से अधिक लाभ
इन गांवों तक नगर की सीमा होने से कई फायदे भी होंगे। इसमें राजनीतिक रूप से भाजपा को अधिक लाभ मिल सकता है। 1995 के चुनाव में भाजपा की कुसुम चौहान अध्यक्ष बनीं। इसके बाद के चुनावों में सपा और बसपा के प्रतिनिधि अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे।
गांवों के शामिल होने से बढ़ेगी आय
उपरोक्त गांवों के मिल जाने से आबादी के साथ मतदाता भी बढ़ेंगे। वर्तमान में 25 वार्डों में 81054 लोग (2011 की जनगणना के अनुसार) आबाद हैं। प्रस्तावित गांवों की आबादी इसी जनगणना के मुताबिक 32151 हैं। ये गांव नगर पालिका में शामिल हो जाएं तो आय में भी बढ़ोतरी होगी। वहीं विपक्षी दल सीमा विस्तार के पक्ष में नहीं हैं।
नगर विकास मंत्री ने दिया आश्वासन
नगर विकास मंत्री एके शर्मा से सदर विधायक पलटूराम, समाजेवी डा. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू व भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह ने मुलाकात कर सीमा विस्तार का मांग पत्र दिया। बताया कि सीमा विस्तार की पत्रावली शासन स्तर पर कई महीनों से लंबित है। सीमा विस्तार होने से शहर के आस पास बसे ग्रामीणों को नगरीय सुविधाएं मिलेंगी। शहर में शामिल होने से गांवों का बेहतर विकास होगा। नगर विकास मंत्री ने सीमा विस्तार का आश्वासन दिया है।
नगर पंचायत बनाने की मांग
उतरौला, श्रीदत्तगंज बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग तेज हो गई है। बाजार वासियों ने एक बार फिर मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र सदर विधायक पलटूराम को सौंपा। रमेश, राजू, ध्रुव यादव, पुष्पेंद्र, रजत वर्मा ने बताया कि विधायक से सीएम ने रिपोर्ट तलब की है।