विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलरामपुर में ग्राम सचिवालय में बैठेंगे लेखपाल, राजस्व कार्यों का करेंगे निस्तारण

Published: Fri, 03 Jul 2026 04:20 PM (IST)

बलरामपुर के उतरौला में ग्रामीणों को राजस्व संबंधी सेवाएं गांव में ही मिलेंगी, जिसके लिए तहसील प्रशासन ने ग्राम सचिवालय ...और पढ़ें

ग्राम सचिवालय में बैठेंगे लेखपाल। AI जेनरेटेड फोटो

ग्राम सचिवालय में बैठेंगे लेखपाल। AI जेनरेटेड फोटो

HighLights

  1. ग्राम सचिवालय में बैठेंगे 140 लेखपाल, देंगे राजस्व सेवाएं।

  2. आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित खतौनी के काम होंगे।

  3. ग्रामीणों को राजस्व कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

संवाद सूत्र, उतरौला (बलरामपुर)। ग्रामीणों को राजस्व संबंधी सेवाएं गांव में ही उपलब्ध कराने के लिए तहसील प्रशासन ने सभी ग्राम सचिवालय में 140 लेखपालों के नियमित बैठने के लिए रोस्टर जारी किया है। निर्धारित तिथियों पर संबंधित लेखपाल ग्राम सचिवालय में उपस्थित रहकर राजस्व मामलों का निस्तारण करेंगे।

उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सरोज ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिवालय में बैठकर लेखपाल आय, जाति, निवास एवं हैसियत प्रमाण पत्र, खतौनी की नकल समेत राजस्व विभाग की ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े कार्यों का निस्तारण करेंगे।

साथ ही वरासत, स्वामित्व योजना, किसान सम्मान निधि, रियल टाइम खतौनी, प्राकृतिक आपदा सहायता, बाढ़ राहत, भू-नक्शा मिलान, खसरा पड़ताल, कृषि एवं मत्स्य पट्टा, कृषि गणना, जनगणना, क्राप कटिंग, फसल बीमा, निर्वाचन, पेंशन सत्यापन, धारा 34 एवं धारा 67 से संबंधित प्रकरणों तथा अन्य राजस्व कार्यों का भी संपादन सुनिश्चित किया जाएगा।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में ग्राम स्तर पर लेखपालों के बैठने के लिए कोई निश्चित स्थान निर्धारित नहीं था, जिससे ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने से लोगों को गांव में ही राजस्व सेवाएं उपलब्ध होंगी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय भी बेहतर होगा।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में ढाबा संचालक ने एनएचएआइ के अधिकारियों पर लगाया पैसे लेने का आरोप, पुलिस आयुक्त से की शिकायत