जगतजननी की आरती कर किया विसर्जन
नव दुर्गे श्रृंगार समिति बड़ा पुल चौराहा पर नवरात्र में स्थापित की गई दुर्गा प्र
बलरामपुर :
नव दुर्गे श्रृंगार समिति बड़ा पुल चौराहा पर नवरात्र में स्थापित की गई दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा मंगलवार को निकाली गई। लोगों ने अबीर, गुलाल के साथ मां शक्ति के साथ होली खेली। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर महिलाएं, पुरुष व बच्चे थिरकते नजर आए। देवी दयाल तिराहा, गर्ल्स इंटर कालेज, पुरानी चौक बाजार, सब्जी मंडी, सराय फाटक, वीर विनय चौराहा, अंबेडकर तिराहा, मेजर चौराहा व कालीथान से होते हुए घाट पहुंची। यहां समिति के लोगों ने मां दुर्गा की आरती की, जिसके बाद देवी प्रतिमा का विसर्जन किया गया। सोमवार रात को जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बलरामपुर जागरण पार्टी के प्रदीप श्रीवास्तव एंड पार्टी के कलाकारों ने माता के भजनों को प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होमगार्ड राज्यमंत्री पल्टूराम ने जगतजननी की आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि बलरामपुर की धरती गंगा जमुनी तहजीब की मिशाल है। समिति के पूर्व अध्यक्ष स्व. अजय कृष्ण पांडेय ने जो परंपरा शुरू की थी, वह समिति को और आगे ले जाने के लिए प्रेरित कर रही है। नगर में सबसे पहले बड़े पुल चौराहे पर दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई थी। राज्यमंत्री पल्टूराम, हनुमानगढ़ी महंथ महेंद्र दास, बृजेंद्र तिवारी, विपिन तिवारी, नगर अध्यक्ष कृष्ण गोपाल गुप्ता, अविनाश मिश्र, नपाप चेयर मैन प्रतिनिधि शाबान अली, महेश शुक्ला उर्फ बच्चा, डा. तुलसीस दुबे का समिति अध्यक्ष भूपेंद्र विक्रम सिंह ने अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सोनू साहू, नीरज मोदनवाल, संजीव गुप्ता, संदीप गुप्ता, अवधेश पांडेय, कृष्ण कुमार तिवारी, संजय गुप्ता, रवि साहू व शिव कुमार चौरसिया का सरहनीय सहयोग रहा।