विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलरामपुर में तीन नए खंड शिक्षा अधिकारी नियुक्त, कई ब्लॉकों को मिलेगी राहत, बीईओ तुलसीपुर स्थानांतरित

Published: Wed, 16 Sep 2026 06:17 PM (IST)

बलरामपुर जिले को तीन नए खंड शिक्षा अधिकारी मिले हैं, जिससे अतिरिक्त प्रभार वाले ब्लॉकों को पूर्णकालिक अधिकारी मिलेंगे।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, बलरामपुर। परिषदीय विद्यालयों की शिक्षण एवं शिक्षणेतर गतिविधियों को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए जिले में तीन नए खंड शिक्षा अधिकारियों की नियुक्ति शासन से की गई है।

ऐसे में अब अतिरिक्त प्रभार के अधिकारी के सहारे चल रहे नगर क्षेत्र, मुख्यालय एवं गैंड़ासबुजुर्ग ब्लाक को अपना बीईओ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, तुलसीपुर में तैनात रहे खंड शिक्षा अधिकारी विनय कुमार चौधरी का स्थानांतरण वाराणसी हो गया है। ऐसे में आने वाले तीन बीईओ में से एक को यहां की जिम्मेदारी दी जाएगी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बाराबंकी में तैनात रहे खंड शिक्षा अधिकारी राम नारायण यादव, प्रतापगढ़ में रहे बीईओ सुशील कुमार त्रिपाठी एवं सुलतानपुर के बीईओ श्याम बिहारी की जिले में तैनाती हुई है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद ब्लाक आवंटित किए जाएंगे।

फिलहाल नगर क्षेत्र एवं मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार श्रीदत्तगंज के बीईओ अशोक कुमार पाठक संभाल रहे हैं। रेहराबाजार के बीईओ स्वामीनाथ को गैंड़ासबुजुर्ग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। बीईओ विनय कुमार चौधरी का स्थानांतरण वाराणसी हो जाने से यहां का पद रिक्त हो गया है।

वहीं, हरैया सतघरवा के बीईओ शमशेर सिंह राणा उतरौला में तैनात बीईओ सुनीता वर्मा के प्रसूता अवकाश अवधि समाप्त होने तक यहां का अतिरिक्त प्रभार देखेंगे। ऐसे में नगर क्षेत्र, मुख्यालय, तुलसीपुर एवं गैंड़ासबुजुर्ग ब्लाकों में नवनियुक्ति बीईओ समायोजित किए जाएंगे।

दो वरिष्ठ सहायक गैर जनपद स्थानांतरित

जिले में तैनात रहे दो वरिष्ठ सहायकों का स्थानांतरण श्रावस्ती के लिए हो गया है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में तैनात रहे दिनेश कुमार का स्थानांतरण राजकीय बालिका इंटर कालेज भिनगा श्रावस्ती किया गया है।

वहीं, बीएसए कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक खाबर फारुखी को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय श्रावस्ती भेजा गया है। वर्ष 2018 में वह श्रावस्ती से ही स्थानांतरित होकर बलरामपुर आए थे। लगभग आठ वर्ष बाद उनका स्थानांतरण पुन: श्रावस्ती किया गया है।