विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलरामपुर में 12 लाख से लगेंगी 21 एलईडी लाइटें, फक्कड़दास चौराहे तक दूर होगा अंधेरा

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:38 PM (IST)

नगर पालिका परिषद उतरौला 12 लाख रुपये की लागत से पेट्रोल पंप से फक्कड़दास चौराहे तक 21 एलईडी लाइटें लगाएगी। ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. पेट्रोल पंप से फक्कड़दास चौराहे तक लगेंगी लाइटें।

  2. 12 लाख रुपये की लागत से 21 एलईडी लाइटें।

  3. दिसंबर तक पूरा होगा कार्य, आवागमन होगा सुगम।

संवाद सूत्र, उतरौला (बलरामपुर)। नगर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल पेट्रोल पंप से फक्कड़दास चौराहे तक अब एलईडी लाइटों से रोशन होगा। नगर पालिका परिषद की ओर से 12 लाख रुपये की लागत से 21 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इससे अंधेरे के कारण आवागमन में होने वाली परेशानी कम होने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद है। लाइटें लगाने का काम दिसंबर तक पूरा कराने का लक्ष्य है।

नगर क्षेत्र में श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे से पेट्रोल पंप तक पहले ही एलईडी लाइटें लगाई जा चुकी हैं। बजट के अभाव में पेट्रोल पंप से फक्कड़दास चौराहे तक का हिस्सा प्रकाश व्यवस्था से वंचित था। अब इस हिस्से में भी रोशनी की व्यवस्था होने से दोनों चौराहों के बीच का मार्ग जगमग होगा।

यह रास्ता तहसील क्षेत्र को बलरामपुर और गोंडा मार्ग से जोड़ता है। 24 घंटे वाहनों और लोगों की आवाजाही रहती है। स्थानीय निवासी अंकुर गुप्त और विकास कश्यप ने बताया कि यह नगर का व्यस्ततम मार्ग है।

रात में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इस मार्ग पर अंधेरे से प्रभावित और दुर्घटना वाले स्थानों पर प्राथमिकता से लाइटें लगने से लोगों को राहत मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप गुप्त ने बताया कि 12 लाख रुपये के बजट में 21 लाइटें लगाई जाएंगी। प्रति लाइट औसतन लगभग 57,143 रुपये खर्च आएगा। इसमें खंभे, वायरिंग, इंस्टालेशन और अन्य कार्यों का खर्च भी शामिल है। लाइटों के रखरखाव और खराब होने पर मरम्मत की व्यवस्था नगर पालिका और बिजली विभाग के सहयोग से कराई जाएगी।

प्रभारी अधिशासी अधिकारी योगेंद्र शरण शाह ने बताया कि योजना के तहत लाइटें लगाने का काम दिसंबर तक पूरा कराने का लक्ष्य है। इससे मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर होगी और रात में आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।