बकरीद आज, सुबह साढ़े सात बजे शुरू होगी नमाज
बकरीद पर्व को देखते हुए शहर से लेकर गांव तक कुर्बानी की तैयारियां जोरों पर हैं। कुर्बानी के लिए बकरों की कीमतों में उछाल है। यहां 11 से 71 हजार रुपये तक बकरे बाजार में बिक रहे हैं।
बलरामपुर : बकरीद त्योहार को देखते हुए शहर से लेकर गांव तक कुर्बानी की तैयारियां पूरी कर ली गई है। कुर्बानी के लिए यहां बकरे चार से 25 हजार रुपये तक में मिले। उतरौला में इस बार राजस्थान के व्यपारियों के आने से बकरों की कीमत चार से आठ हजार तक रही। बलरामपुर व तुलसीपुर में 25 हजार रुपये तक में बकरे बिके। त्योहार को लेकर बाजार देर रात तक गुलजार दिखे। रविवार को बाजारों में सौंदर्य प्रसाधन, कपड़े, जूते व लजीज व्यंजन बनाने के लिए खाद्य पदार्थों की दुकानों पर महिलाओं व बच्चों की भारी भीड़ रही। देर शाम तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि सभी थानों पर कंट्रोलरूम बनाया गया है। गोंडा से आने वाले वाहनों को संतोषी माता मंदिर से बड़ा परेड ग्राउंड होते हुए बहराइच मार्ग पर निकाला जाएगा। इसी तरह तुलसीपुर मार्ग का डायवर्जन वीर विनय चौराहा से कर दिया जाएगा। जो नमाज अदा होने तक रहेगा। उतरौला : नगर क्षेत्र में कुल छह स्थानों पर कुर्बानगाह बनाए गए हैं। नमाज के लिए ईदगाहों व मस्जिदों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बारिश होने की स्थिति में नमाज ईदगाहों के बजाय विभिन्न मस्जिदों में अदा की जाएगी। एसडीएम एके गौड़ ने बताया कि असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए अतिरिक्त फोर्स मंगवाई गई है। बड़ी ईदगाह, रजा मस्जिद व शिया मस्जिद में नमाज का समय सुबह साढ़े सात बजे का है। अली हसन व गोंडा मोड़ मस्जिद में सुबह आठ बजे बकरीद की नमाज पढ़ी जाएगी। अहले हदीस व अंजुमन मस्जिदों में नमाज का समय साढ़े आठ बजे रहेगा।