झमाझम बारिश से सुहाना हुआ मौसम, किसान हुए गदगद
अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया
बलरामपुर : मौसम का मिजाज सोमवार की सुबह अचानक बदल गया। हवाओं संग हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। आधे घंटे हुई मूसलाधार बारिश से गली-मुहल्लों में जलभराव हो गया। दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव होता रहा। पारा लुढ़ककर 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। उधर बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। किसानों ने पलेवा कर खेत में धान के बेड़न डालना शुरू कर दिया। किसान धान के बीज खरीदने के लिए ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। जहां भीड़ दिखी। बारिश से गन्ना व सब्जी की फसलों को फायदा हुआ है।
बीते कई दिनों से आसमान से आग बरस रही थी। पारा 48 डिग्री सेल्सियस पार हो गया था। पानी के अभाव में फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई थी। रविवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। सोमवार की सुबह नौ बजे अचानक मौसम का रुख बदल गया। मूसलाधार बारिश होने लगी। आधे घंटे हुई बारिश से नगर के नाले-नालियां उफना गए। मुहल्लों में जलभराव हो गया। बारिश बंद होने के बाद आसमान में बादलों की आवाजाही रही। बारिश ने आम जनमानस को जहां भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई, वही फसलों के फायदे से किसान भी खुश हैं। मौसम वैज्ञानिक डॉ.अंकित तिवारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। हवाओं के संग हुई बारिश से पारा दस डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। उन्होंने खेती के लिए बारिश को मुफीद बताया है।
बिजली रही बाधित
-तेज हवाओं के संग हुई बारिश से जिले के अधिकांश स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जो दोपहर बाद बहाल हो सकी। तुलसीपुर, हरैया, ललिया, नगर में करीब तीन घंटे आपूर्ति बाधित रही।