विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब‍िहार में आटो में बच्चों को छोड़कर महिला लापता, सोशल मीडिया पर तस्वीर देख थाने पहुंचे पिता

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 29 Oct 2026 05:30 PM (IST)

बिहार के मांझी में एक मां अपने दो मासूम बच्चों को आटो में छोड़कर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। ...और पढ़ें

मांझी में बच्चों को छोड़कर मां लापता, सोशल मीडिया से मिले बच्चे, पिता ने लगाया जेवर चोरी का आरोप।

मांझी में बच्चों को छोड़कर मां लापता, सोशल मीडिया से मिले बच्चे, पिता ने लगाया जेवर चोरी का आरोप।

HighLights

  1. मां ने बिहार के मांझी में बच्चों को आटो में छोड़ा।

  2. पुलिस ने सोशल मीडिया पर बच्चों की तस्वीर प्रसारित की।

  3. पिता ने पत्नी पर 22 लाख के जेवर चोरी का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया)। बिहार के मांझी में बुधवार शाम मां के इंतजार में आटो में बैठे दो मासूम बच्चे रोते-बिलखते रहे। तीन वर्षीय पुत्री और डेढ़ वर्षीय पुत्र को छोड़कर उनकी मां रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी देर तक महिला के वापस नहीं लौटने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मांझी पुलिस ने दोनों बच्चों को संरक्षण में लेकर थाने पहुंचाया और उनकी तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित की। तस्वीर देखकर उनके पिता अमित सिंह थाने पहुंचे और बच्चों को सकुशल पाकर उन्हें अपने साथ घर ले गए। अमित सिंह बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के पांडेयपुर गांव के निवासी हैं।

बताया क‍ि उनकी शादी करीब छह वर्ष पूर्व बिहार के सिवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में हुई थी। आरोप है कि बुधवार की शाम उनकी पत्नी दोनों बच्चों को आटो में छोड़कर कहीं चली गई। मां के वापस नहीं आने पर दोनों बच्चे रोने लगे। उनकी हालत देखकर स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए और पुलिस को सूचना दी।

पति ने 22 लाख के जेवर लेकर जाने का लगाया आरोप
मांझी पुलिस ने बच्चों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनकी तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर साझा की। इसके बाद उनके पिता को घटना की जानकारी मिली और वह थाने पहुंच गए। बच्चों को सुरक्षित देखकर उन्होंने राहत की सांस ली और उन्हें अपने साथ ले गए।

अमित सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी करीब 22 लाख रुपये के जेवर लेकर चली गई है। हालांकि, महिला के लापता होने और जेवर ले जाने के संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। महिला किन परिस्थितियों में बच्चों को छोड़कर गई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।