विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को 15 तारीख तक मिलेगी बिजली बिल रसीद, तय समय पर भुगतान करना अनिवार्य

Published: Fri, 03 Jul 2026 02:37 PM (IST)

यूपीपीसीएल ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए नई बिलिंग व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत हर महीने की 15 तारीख ...और पढ़ें

महीने की 15 तारीख तक मिल जाएगी बिजली बिल की रसीद।

महीने की 15 तारीख तक मिल जाएगी बिजली बिल की रसीद।

HighLights

  1. हर माह 15 तारीख तक मिलेगा स्मार्ट मीटर का बिल।

  2. सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड प्रणाली में परिवर्तित।

  3. मोबाइल नंबर अपडेट रखें, समय पर बिल भुगतान करें।

जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए अब बिजली बिल को लेकर कोई बहाना नहीं चलेगा। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने नई व्यवस्था लागू करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि प्रत्येक माह की 15 तारीख तक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली बिल उपलब्ध करा दिया जाएगा। यदि किसी तकनीकी कारण से ऑटोमैटिक रीडिंग नहीं हो पाती है तो विभाग मैनुअल रीडिंग कराकर 18 तारीख तक हर हाल में बिल जारी करेगा।

बिल मिलने के बाद समय से भुगतान नहीं करने वालों से पहले की तरह विलंब अधिभार भी वसूला जाएगा। यूपीपीसीएल ने स्मार्ट मीटरों की बिलिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए प्रीपेड मोड में संचालित सभी स्मार्ट मीटरों को पुनः पोस्टपेड प्रणाली में परिवर्तित कर दिया है।

अब उपभोक्ताओं को पहले की तरह प्रत्येक माह बिल मिलेगा और उसी के आधार पर भुगतान करना होगा। विभाग का कहना है कि अधिकांश उपभोक्ताओं को उनका बिल पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जाएगा।

विभाग ने साफ किया है कि जिन उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर बिलिंग सिस्टम में दर्ज नहीं है, गलत दर्ज है या बदल चुका है, वे तत्काल उसे अपडेट करा लें।

अन्यथा समय पर बिल प्राप्त न होने की जिम्मेदारी स्वयं उपभोक्ता की होगी। ऐसे उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन, विभागीय व्हाट्सएप चैटबॉट, वेबसाइट अथवा बिजली कार्यालय से भी अपना बिल प्राप्त कर सकते हैं।

बिजली बिल का भुगतान विभागीय वेबसाइट, यूपीपीसीएल स्मार्ट एप, जनसेवा केंद्र, फिनटेक एजेंट, विद्युत सखी, विभागीय कार्यालय तथा यूपीआई सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से किया जा सकेगा। यदि किसी उपभोक्ता के बिल में गड़बड़ी है तो वह 1912 पर शिकायत दर्ज कराकर अथवा बिल संशोधन शिविर में पहुंचकर उसका समाधान करा सकता है।

उप खंड अधिकारी सिकंदरपुर अजय कुमार सरोज ने कहा कि विभाग का उद्देश्य प्रत्येक उपभोक्ता तक समय से बिजली बिल पहुंचाना है। अधिकांश उपभोक्ताओं को 15 तारीख तक बिल उपलब्ध करा दिया जाएगा, जबकि तकनीकी समस्या आने पर 18 तारीख तक मैनुअल रीडिंग कर बिल जारी होगा।

यह भी पढ़ें- अंबेडकरनगर में दूसरे दिन भी ग्राम सचिवालयों में नहीं पहुंचे लेखपाल और सचिव, फरियादी परेशान

उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपना मोबाइल नंबर अपडेट रखें और निर्धारित समय के भीतर बिल जमा करें, ताकि अनावश्यक सरचार्ज से बचा जा सके। किसी भी शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन एवं बिल संशोधन शिविर की सुविधा उपलब्ध है।

इन बातों का रखें ध्यान

  • हर माह 15 तक मिलेगा स्मार्ट मीटर का बिल।
  • तकनीकी समस्या होने पर 18 तक मैनुअल बिलिंग।
  • सभी स्मार्ट मीटर फिर पोस्टपेड मोड में।
  • बिल की तिथि से 15 दिन के भीतर भुगतान अनिवार्य।
  • देरी होने पर लगेगा विलंब अधिभार।
  • मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने पर समय पर बिल न मिलने की जिम्मेदारी उपभोक्ता की।