बलिया में मंदिर की जमीन के विवाद को लेकर आमने-सामने आए दो हिंदू और मुस्लिम पक्ष
बलिया के नगरा में सिकंदरपुर मार्ग पर सनचिरैया माता मंदिर के पास जमीन के स्वामित्व को लेकर दो पक्ष आमने-सामने ...और पढ़ें

बलिया में मंदिर की जमीन पर विवाद, हिंदू-मुस्लिम पक्ष आमने-सामने।
HighLights
नगरा में मंदिर की जमीन के स्वामित्व पर विवाद।
हिंदू और मुस्लिम पक्ष आमने-सामने आए मौके पर।
पुलिस-प्रशासन ने हस्तक्षेप कर शांति व्यवस्था बनाई।
जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया)। सिकंदरपुर मार्ग पर सनचिरैया माता मंदिर के समीप जमीन के स्वामित्व व उपयोग को लेकर रविवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार दुर्गेश गोड और नगरा पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन और पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
नगरा में सिकंदरपुर मार्ग पर सड़क के दक्षिण तरफ सनचिरैया स्थान (देव स्थान) के नाम से करीब दो डिसमिल जमीन दर्ज है। वर्तमान में यहां मंदिर के सुंदरीकरण आदि का कार्य चल रहा है। इसी जमीन के स्वामित्व और उपयोग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। मुस्लिम पक्ष के लोगों का कहना है कि कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
उनका कहना है कि इसके बगल में करीब ढाई बीघा जमीन कब्रिस्तान के नाम दर्ज है, जहां करबला भी स्थित है। वहीं, इसके समीप करीब चार डिसमिल जमीन उस्मान के नाम दर्ज बताई जा रही है। विवाद की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए। एक पक्ष की ओर से विहिप नेता राजीव सिंह चंदेल समेत अन्य लोग मौजूद थे, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से उस्मान सहित अन्य लोग मौके पर थे।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। प्रशासन की ओर से राजस्व अभिलेखों और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर जमीन की स्थिति की जांच की जा रही है। मौके पर नायब तहसीलदार दुर्गेश गोड और नगरा थाने के एसएसआइ प्रभाकर शुक्ला ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने को कहा।
इस दौरान विहिप के रसड़ा खंड के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह चंदेल, चेयरमैन प्रतिनिधि उमाशंकर राम, विवेक समेत अन्य लोग मौजूद रहे। विहिप जिलाध्यक्ष राजीव सिंह चंदेल ने बताया कि सनचिरैया माता मंदिर की दो डिसमिल जमीन पर ही सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर विवाद की स्थिति पैदा की जा रही है।
