सातवें दिन भी बैरिया तहसील का कामकाज ठप
जासं बैरिया (बलिया) स्थानीय तहसील में 19 फरवरी को हुए बवाल के बाद गुरुवार 27 फरवरी तक तालाबंदी जारी है। कहीं कोई कामकाज नहीं हो रहा है। जिससे आम लोगों को घोर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
जासं, बैरिया (बलिया): स्थानीय तहसील में 19 फरवरी को हुए बवाल के बाद गुरुवार को भी तालाबंदी जारी है। कहीं कोई कामकाज नहीं हो रहा है। जिससे आम लोगों को घोर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के सार्थक पहल के बावजूद कर्मचारी हड़ताल समाप्त करने के मूड में नहीं दिखाई दे रहे हैं। हालांकि सांसद की पहल पर तहसील में पीएसी तैनात कर दी गई है।
अन्य मांगों पर भी सांसद ने सकारात्मक रूख दिखाया था। वहीं उपजिलाधिकारी ने सांसद को आश्वस्त किया था कि हर हाल में गुरुवार तक गतिरोध समाप्त हो जाएगा कितु होता नहीं दिख रहा है। उल्टे बलिया के कार्यालयों में भी कर्मचारी संगठन ने कामकाज ठप कर शासन पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। विधायक सुरेंद्र सिंह घटना के दूसरे दिन ही रजिस्ट्रार कानूनगो राधेश्याम राम से घटना को लेकर खेद जता चुके हैं। बावजूद इसके कर्मचारी गिरफ्तारी को लेकर जिद पर अड़े हुए हैं।