शारीरिक दूरी के नियमों की उड़ती रहीं धज्जिया
शारीरिक दूरी के नियमों की उड़ती रही धज्जियां बेफिक्र होकर निकले लोग
जागरण संवाददाता, बलिया: कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीहरिप्रताप शाही ने 21 जुलाई तक शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में प्रतिबंध लगाया है। इसमें आवश्यक सेवा के अलावा सभी तरह की गतिविधियां बंद कर दी गई हैं। प्रतिबंध के कारण इधर दो दिनों के अंदर कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में कमी आई है। हालांकि कुछ लापरवाह अब भी शारीरिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
सोमवार को शहर का हालात बदला-बदला नजर आया। सुबह से ही लोग आम दिनों की तरह सड़क पर निकले। कुछ दुकानदार आधी दुकान खोलकर सामान बेच रहे थे जबकि जिलाधिकारी ने मोहल्लावार दुकानों का आवंटन करते हुए उनका समय भी निर्धारित किया है। वहीं ई-रिक्शा व सवारी वाहन भी चलते रहे। इससे शहर के अंदर शारीरिक दूरी के नियम पूरी तरह से टूटते नजर आए। चौराहों पर जवानों की ड्यूटी तो लगी थी लेकिन वे अपनी मोबाइल में व्यस्त थे। लोग बिना रोकटोक के घूमते नजर आए। वहीं युवा तो बिना मास्क के ही तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे।
-
एसपी ने देखी व्यवस्था, लगाई क्लास
एसपी देवेंद्र नाथ ने शहर की पुलिसिग व्यवस्था का चक्रमण कर निरीक्षण किया। वे सीधे कोतवाली पहुंच गए। वहां पर उन्होंने कोतवाल विपिन सिंह की क्लास लगाते हए शासन के निर्देशों का पालन कराने का निर्देश दिया। कहा कि यदि बिना मास्क के कोई चल रहा तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शारीरिक दूरी के नियमों का हर हाल में पालन कराया जाए। इस पर कोतवाल सभी चौकी इंचार्जों के साथ चेकिग में लग गए।