बलिया के खड़सरा में बस और टैंकर की आमने-सामने टक्कर में दस यात्री घायल, दो की हालत गंभीर
बलिया के खेजुरी क्षेत्र के खड़सरा में गुरुवार दोपहर रोडवेज बस और टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे ...और पढ़ें

बलिया में रोडवेज बस और टैंकर की भीषण टक्कर, 10 यात्री घायल, 2 गंभीर।
HighLights
खेजुरी के खड़सरा में बस-टैंकर की टक्कर।
हादसे में दस यात्री घायल, दो गंभीर रूप से।
पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जागरण संवाददाता, पूर (बलिया)। खेजुरी क्षेत्र के खड़सरा स्थित नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने गुरुवार को अपराह्न करीब डेढ़ बजे रोडवेज बस और टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार दस यात्री घायल हो गए, जिनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेजुरी पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।
खेजुरी के थानाध्यक्ष सुशील कुमार दूबे के अनुसार, राज्य परिवहन निगम की बस सिकंदरपुर से बलिया की ओर जा रही थी। खड़सरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इन यात्रियों को आई चोटें
घायलों में उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर निवासी सोमारी के पुत्र रामनिवास, चौकिया मोड़ निवासी सच्चिदानंद गुप्ता के पुत्र आर्यन गुप्ता और बहुता निवासी रामधनी के पुत्र शिवमंगल शामिल हैं।
इसके अलावा सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के गांधी मोहल्ला निवासी अरविंद गुप्ता के पुत्र आनंद गुप्ता, चांदनी चौक निवासी स्वर्गीय पृथ्वीचंद्र के पुत्र संतोष सोनी, सिसोटार निवासी मिथिलेश राय के पुत्र शिवांशु राय, बरमनिया निवासी रामाधार सिंह के पुत्र शेषनाथ सिंह, करमौता निवासी स्वर्गीय रघुनाथ वर्मा के पुत्र सच्चिदानंद वर्मा, लक्ष्मण प्रसाद की पुत्री शिवानी और बघुड़ी निवासी हीरा तुरहा की पत्नी प्रभावती भी घायल हुई हैं।
घायलों में शेषनाथ सिंह को सिर, गले और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रामनिवास को अंदरूनी चोट लगने की बात बताई जा रही है। अन्य कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
