बलिया में बोले सूर्य प्रताप शाही - 'किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता'
बलिया के सोहांव में स्व. बाबू मैनेजर सिंह स्मृति दिवस पर कृषि मेले का आयोजन हुआ, जिसमें कृषि मंत्री सूर्य ...और पढ़ें

बलिया कृषि मेले में मंत्रियों ने किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक खेती पर दिया जोर।
HighLights
कृषि मेले में किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया।
दलहन, तिलहन व श्रीअन्न की खेती को बढ़ावा देने का आह्वान।
आधुनिक कृषि तकनीकों और फसल विविधीकरण पर चर्चा हुई।
जागरण संवाददाता, भरौली (बलिया)। स्व. बाबू मैनेजर सिंह के स्मृति दिवस पर बुधवार को कृषि सूचना तंत्र योजना के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र, सोहांव में कृषि मेले का आयोजन किया गया। मेले में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा और पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में किसानों की आय बढ़ाने, खेती के आधुनिकीकरण, फसल विविधीकरण और श्रीअन्न (मिलेट्स) की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस दौरान कृषि मंत्री ने किसानों को दलहन एवं तिलहन की मिनी किट वितरित कर इन फसलों की खेती के लिए प्रेरित किया। सभी किसानों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।
अतिथियों का स्वागत पूर्व मंत्री नारद राय ने किया। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेती को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने, उन्नत कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने और किसानों को बेहतर उत्पादन के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ दलहन, तिलहन और श्रीअन्न जैसी फसलों को भी कृषि चक्र में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण से किसानों को खेती के नए विकल्प मिलेंगे। दलहन और तिलहन की मिनी किट का वितरण किसानों को इन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
गांवों की समृद्धि से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था : ओमप्रकाश राजभर
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि किसानों की खुशहाली और गांवों का विकास एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। किसान आर्थिक रूप से मजबूत होंगे तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी। इसके लिए खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं को बढ़ाना जरूरी है।
कृषि को आधुनिक और लाभकारी बनाना जरूरी : दयाशंकर सिंह
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने स्वर्गीय बाबू मैनेजर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि किसानों की मेहनत देश की अर्थव्यवस्था की बुनियाद है। कृषि क्षेत्र को आधुनिक, उन्नत और लाभकारी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों से जोड़ने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने से ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। दलहन, तिलहन और श्रीअन्न की खेती को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। कृषि मेले किसानों को उन्नत खेती के तरीकों को समझने और उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। कृषि मेले में किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग, फसल विविधीकरण, कम लागत में बेहतर उत्पादन और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई।
